विभावि के नये कुलसचिव बने सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा

राजभवन के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने जारी की अधिसूचना

हजारीबाग. विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग के प्राध्यापक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा को कुलसचिव नियुक्त किया गया है. इस संबंध में विश्वविद्यालय ने राजभवन के निर्देश पर अधिसूचना जारी की है. सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा वर्तमान में विश्वविद्यालय के वित्त पदाधिकारी भी हैं. सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा शुरुआती छह माह तक प्रभारी कुलसचिव के रूप में कार्य करेंगे. वर्तमान प्रभारी कुलसचिव सह सहायक कुलसचिव कुमार विकास को उन्हें प्रभार सौंपने का निर्देश दिया गया है. सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा मूल रूप से हजारीबाग जिले के बड़कागांव निवासी हैं. उनके पिता गुरुदयाल महतो की पहचान समाजसेवी के रूप में रही है. उनकी प्रारंभिक शिक्षा आदर्श मध्य विद्यालय बड़कागांव में हुई. इसके बाद उन्होंने जिला स्कूल से मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की. उन्होंने संत कोलंबा कॉलेज से इंटर और अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की. उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नयी दिल्ली से एमफिल की उपाधि हासिल की. झारखंड लोक सेवा आयोग की अनुशंसा पर वर्ष 2008 में उनकी नियुक्ति संत कोलंबा कॉलेज में हुई. बाद में उन्हें विश्वविद्यालय का वित्त पदाधिकारी बनाया गया और अर्थशास्त्र विभाग में स्थानांतरित किया गया. सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा की पहचान सुलझे हुए, मृदुभाषी और सज्जन शिक्षक के रूप में है. वित्त पदाधिकारी की व्यस्तताओं के बावजूद वह अर्थशास्त्र विभाग में नियमित कक्षाएं लेते हैं और विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय हैं. उनके कुलसचिव नियुक्त होने की अधिसूचना जारी होने के बाद विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में बधाइयों का दौर शुरू हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >