मगध मोटर के सेल्समैन की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

होटल में वार्षिक पार्टी के बाद सुबह सोफे पर मृत मिला मणिकांत सोलंकी

बरही. मगध मोटर गयाजी के सेल्समैन मणिकांत सोलंकी उर्फ मंजय कुमार (35 वर्ष) की शनिवार को बरही स्थित होटल हर्षित राज में वार्षिक पार्टी के बाद संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. पार्टी में 40-42 लोग शामिल थे. रात में खाना-पीना के बाद सभी होटल के हॉल में सो गये थे. रविवार की सुबह जब सह कर्मियों ने मणिकांत को उठाया, तो वह सोफे पर मृत पड़ा था. होटल संचालक प्रदीप सिंह ने घटना की सूचना बरही पुलिस को दी. सूचना पर बरही प्रभारी डीएसपी प्रशांत कुमार व बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ की. हजारीबाग से फॉरेंसिक टीम बुलाकर जांच करायी गयी. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन बरही पहुंचे. पिता कपिल देव सिंह (ग्राम बूढ़ी, जिला गया) ने हत्या की आशंका व्यक्त की है. उन्होंने घटना को लेकर बरही थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. जिसमें मृतक के सहकर्मी मगध कॉलोनी गया निवासी रवि कुमार उर्फ रविंद्र कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है. थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. उधर, होटल संचालक प्रदीप सिंह ने बताया कि मगध मोटर एजेंसी पिछले तीन साल से वार्षिक कार्यक्रम उनके होटल में करती आ रही थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >