650 आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका बनेगा
डीडीसी की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक
हजारीबाग. उप विकास आयुक्त रिया सिंह की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक हुई. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा ने विभागीय प्रगति और आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समस्याओं से अवगत कराया. डीडीसी ने मनरेगा से निर्मित भवनों को तत्काल हस्तांतरित करने और निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिये. बैठक में बताया गया कि जिले के 650 केंद्रों में पोषण वाटिका का निर्माण होगा. पोषण ट्रैकर अपडेट करने, लाभुकों को आधार व आभा कार्ड से जोड़ने, रिक्त सेविका-सहायिका पदों पर शीघ्र चयन और कुपोषित बच्चों के उपचार पर जोर दिया गया. बैठक में संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
लंबित कार्यों को समय पर पूरा करें : डीडीसी
हजारीबाग. समाहरणालय में उप विकास आयुक्त रिया सिंह की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गयी. बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, अबुआ आवास, बाबा साहेब आंबेडकर आवास योजना, बिरसा कूप संवर्धन और डोभा निर्माण सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई. डीडीसी ने अधिकारियों को लंबित एवं चालू योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने तथा ऑडिट रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिये. प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित कार्यों को जल्द पूर्ण कर शत-प्रतिशत जियो-टैगिंग कराने, मनरेगा के तहत 100 दिनों का रोजगार सुनिश्चित करने, एफटीओ जेनरेशन में तेजी लाने, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, जल संरक्षण और आजीविका गतिविधियों की प्रगति में सुधार व एसएचजी क्रेडिट लिंकेज और मुद्रा लोन जैसे वित्तीय लक्ष्यों को समय पर हासिल करने का निर्देश दिया.