हजारीबाग. रविवार को शहर व आसपास के क्षेत्र में चार जगहों पर अगलगी की घटना हुई. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि अगलगी से लाखाें रुपये की क्षति हुई है. शहर में दो स्थानों पर अगलगी की घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ी व कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया. जिससे आसपास के लोगों को राहत मिली. पहली घटना बंशीलाल चौक स्थित ग्लैज फैमिली सैलून की है. जहां आग लगने से सभी कुर्सियां, शीशा समेत अन्य सामान जलकर राख हो गये. यह घटना सुबह करीब 7.30 बजे की है. आसपास के लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी. जिसके बाद पहुंची दमकल गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इससे आसपास की दुकानें जलने से बच गयीं.
फर्नीचर दुकान में आग से कुर्सियां व फर्नीचर खाक
दूसरी घटना दिन के करीब 11.30 बजे शहर के जुलू पार्क स्थित फर्नीचर घर में हुई. यहां आग की लपटें इतनी तेज थी कि धुएं से आसमान काला दिखने लगा. आग लगने के बाद आसपास के घरों में रहनेवाले लोगों में अफरा तफरी मच गयी. दुकान संचालक के पुत्र सज्जल मुसीब ने बताया कि जी प्लस थ्री मकान में दुकान और आवास है. तीसरे मंजिल की छत पर प्लास्टिक की कुर्सियां व फर्नीचर रखा हुआ था. शॉट सर्किट की वजह से आग लगी. इस घटना में करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है.
तीउज जंगल में शरारती तत्वों ने लगायी आग
दारू. प्रखंड के कबिलासी पंचायत के तीउज जंगल में शरारती तत्वों ने आग लगा दी. यह आग पूरे जंगल में फैल गयी. इस घटना में कई पेड़-पौधे जल गये. जीव-जंतुओं को भी नुकसान हुआ है. स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक वन विभाग द्वारा आग बुझाने के लिए कोई पहल शुरू नहीं की गयी थी.
दनुआ घाटी में खड़े ट्रेलर का इंजन जला
चौपारण. दनुआ घाटी स्थित महानेटांड़ के पास एक खड़े ट्रेलर में अचानक आग लग गयी. ट्रेलर झारखंड से बिहार की ओर जा रहा था. चालक ट्रेलर (आरजे32जीडी-8764) को होटल के सामने खड़ा कर आराम कर रहा थी. इसी दौरान ट्रेलर में आग लग गयी. देखते ही देखते आग ट्रेलर के पूरे हिस्से में फैल गयी. चालक ने बताया कि अत्यधिक हीटिंग या तकनीकी खराबी के कारण इंजन में आग लगी. बड़ी मशक्कत के बाद होटल वालों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया, पर गाड़ी के आगे का हिस्सा जलकर राख हो गया.
