चरही : भारत सरकार ग्रामीण विकास विभाग के सचिव अमरजीत सिन्हा शनिवार को चुरचू पहुंचे और वहां चल रही योजनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने चनारो पंचायत के कानाबांध ग्राम में मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्मित कूप का निरीक्षण किया व लाभुकों से चर्चा की. कानाबांध में सामाजिक संस्था सपोर्ट की ओर से लगाये गये आम की बागवानी को देख प्रभावित हुए और किसान चेडगा सोरेन की प्रशंसा की.
बाद में बाली में जलछाजन एवं मनरेगा अंतर्गत निर्मित तालाब एवं डोभा का निरीक्षण किया. उन्होंने चुरचू पंचायत के पेसरा टोला में मोतीलाल हांसदा, महा हांसदा व संजय हंसदा का पीएम आवास में गृह प्रवेश कराया. पेसरा टोला में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत सात गैस सिलिंडर, चूल्हा व एलइडी बल्ब का वितरण किया. इससे पहले उनका स्वागत परंपरागत तरीके से किया गया.
महिलाओं को 2.50 करोड़ का ऋण: सचिव ने प्रखंड परिसर में स्थापित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम पुस्तकालय का उद्घाटन किया. यहां कार्यक्रम का संचालन चुरचू बीडीओ सह सीओ नीतू सिंह ने किया. अमरजीत सिन्हा ने कहा कि चुरचू प्रखंड में बदलाव आया है. विकास के बेहतर कार्य हुए हैं. शिक्षा, स्वास्थ्य व सिंचाई में परिवर्तन हुआ है. उन्होंने महिलाओं को महिला समूह से जोड़ने को कहा. इस दौरान महिला समूह के बीच 2.50 करोड़ रुपये का ऋण उन्होंने वितरण किया.
प्रखंड परिसर में लगे कई स्टॉल: चुरचू प्रखंड परिसर में कई स्टॉल लगाये गये थे. इसमें सपोर्ट संस्था द्वारा लाह की खेती, कृषि विभाग, आत्मा, सर्वशिक्षा अभियान, जेएलपीएस, इलाहाबाद बैंक आदि के स्टॉल लगाये गये थे. मौके पर डीसी रवि शंकर शुक्ला, डीडीसी राजेश पाठक, डीआरडीए डाइरेक्टर विज्ञान प्रभाकर, जिला परिषद मुख्य अभियंता सीबी सिंह, अपर समाहर्ता दिलीप तिर्की, जिप सदस्य अग्नेशिया सांडी पूर्ति, प्रमुख अनुक्षी देवी, उप-प्रमुख चोलेश्वर महतो, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अरविंद सिन्हा, सपोर्ट के सचिव भवानी शंकर गुप्ता, रवींद्र सिंह, सहदेव गंगोली, चुरचू मुखिया रूपलाल राम, इंद्रा मुखिया दशरथ महतो, चुरचू उप-मुखिया सहदेव किस्कू, चनारो उप-मुखिया जीतन सोरेन, चुरचू थाना प्रभारी अमिन उरांव, आंगो थाना प्रभारी सुदामा राम, समाजसेवी किशुन महतो व मनीष कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे.
सीपीएम कार्यालय में मनायी गयी कार्ल मार्क्स की जयंती
हजारीबाग. सीपीएम जिला कार्यालय में मार्क्सवाद के जनक कार्ल मार्क्स की 200वीं जयंती मनायी गयी. इस अवसर पर सेमिनार का आयोजन किया गया. अध्यक्षता गुलाब साव ने की, जबकि संचालन ईश्वर महतो ने किया.
जिला कमेटी सदस्य विपिन सिन्हा ने कहा कि सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिए काम करनेवाले कार्ल मार्क्स आज ही के दिन पैदा हुए थे. उन्होंने गरीब व वंचितों के लिए हमेशा संघर्ष किया. सेमिनार को रामचंद्र महतो, सुरेश दास, अंजू देवी, रामकुमार सिंह ने भी संबोधित किया. मौके पर मतुल भुइयां, चिंतामन भुइयां, प्रेम, जगदीश, गौतम, राजन, खैरुद्दीन, रामविलास, महेंद्र, शेखर, खुशी, अमृत, गणेश समेत कई लोग उपस्थित थे.
