चरही : चुरचू प्रखंड के बहेरा पंचायत अंतर्गत कजरी में मार्शल बुनकर सहयोग समिति लिमिटेड की ओर से संचालित हैंडलूम सेंटर का बुधवार को डीसी रविशंकर शुक्ला ने निरीक्षण किया.
डीसी हैंडलूम सेंटर में चल रहे कपड़े की बुनाई देख प्रभावित हुए. समिति के अध्यक्ष भीसेंट टुडू व सचिव सुरेश मुर्मू के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए उनके द्वारा किये गये प्रयास की सराहना की. कहा कि वह स्वरोजगार के लिए हर संभव मदद करेंगे. ज्ञात हो कि कजरी हैंडलूम सेंटर पूर्व में ग्रामीण विकास विभाग की ओर से बनाया गया था. फिलहाल सेंटर का भवन जर्जर स्थिति में है. अध्यक्ष भीसेंट टुडू व सचिव सुरेश मुर्मू ने उक्त समस्याओं को डीसी के पास रखा, जिसके बाद उपायुक्त निरीक्षण करने कजरी गांव पहुंचे थे.
डीसी ने कायाकल्प का दिया आश्वासान: उपायुक्त ने हैंडलूम सेंटर में भवन, स्टोर रूप, 10 पंखा, एक जेनरेटर, पांच रिंनींग एवं स्पेयरिंग मशीन देने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि कजरी हैंडलूम सेंटर में ही धागा बनाने के लिए महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा. उपायुक्त ने भवन व स्टोर रूप व अन्य सामग्री के लिए प्राक्कलित राशि बनाकर चुरचू बीडीओ सह सीओ नीतू सिंह को जिला भेजने का निर्देश दिया. मार्सल बुनकर सहयोग समिति लिमिटेड के सचिव सुरेश मुर्मू ने कहा कि हमारा उद्देश्य कजरी सहित चुरचू प्रखंड के सैकड़ों महिलाओं को स्वारोजगार से जोड़ना है, ताकि महिलाओं का पलायन रुके.
उप स्वास्थ्य केंन्द्र का निरीक्षण: डीसी ने चरही व कजरी उप स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया. अधिकारियों को उप स्वास्थ्य केंद्र को दुरुस्त करने का निर्देश दिया. इस अवसर पर आत्मा के निदेशक अनुरंजन, उप-निदेशक रंजीत मंडल, जिला सहकारी पदाधिकारी लुइस टोप्पो, बीडीओ नीतू सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अरविंद सिन्हा, प्रखंड को-अॉडिनेटर असीम रंजन, किसान सलाहकार अध्यक्ष फुलेश्वर महतो, सुरेश मुर्मू, अशोक महतो सहित कई लोग उपस्थित थे.
कजरी में फसल देख हुए प्रभावित
समिति द्वारा खेतों में लगायी गयी गरमा फसल, बागवानी, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत लिफ्ट एरिगेशन के तहत लगाये गये खरबुजा, बैगन व लाह की खेती देख डीसी प्रभावित हुए. गर्मी में फसलों के उपज के लिए किसानों ने पानी की समस्या रखी. उपायुक्त ने कजरी तालाब गहरीकरण के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा. उपायुक्त ने कहा कि खेती कर किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं. उन्होंने खेती में इच्छुक किसानों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया.
