टंडवा : आम्रपाली कोल परियोजना में एसआइएसएफ के जवान द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार कुमडांग खुर्द निवासी टिंकू कुमार (पिता सीताराम प्रसाद) एक कंपनी का कोयले का कारोबार करता है.
बुधवार को दोपहर वह कांटा घर नंबर तीन के पास कंटेनर में बने ऑफिस में बैठ कर काम कर रहा था. इस दौरान शिव नाम का एक एसआइएसएफ का एक जवान आया और टिंकू से पूछा कितना नंबर डीओ चल रहा है, जिस पर टिंकू द्वारा दिये गये जवाब से जवान संतुष्ट नहीं हुआ और उसके साथ मारपीट कर दी. मारपीट से टिंकू की नाक से खून निकलने लगा. टिंकू का आरोप है कि जवान नशे में धुत था. इस बाबत टिंकू ने थाने में आवेदन देकर इसकी सूचना दी है. जिस पर पुलिस छानबीन कर रही है. इधर, मारपीट की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बैरियर लगा दिया, जिससे डिस्पैच का काम रुक गया. समाचार लिखे जाने तक डिस्पैच नहीं हो पा रहा था.
