गिद्दी : समाज कल्याण विभाग हजारीबाग की ओर से डाड़ी गांव में दो मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों का उदघाटन जिप सदस्य लखनलाल महतो ने सोमवार को किया. इस मौके पर जिप सदस्य लखनलाल महतो ने कहा कि देश व समाज आज बड़ी तेजी से आगे बढ़ रहा है. सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को कई तरह की सुविधा देना चाहती है. इसी दृष्टिकोण से यह कदम उठाया गया है.
सीडीपीओ मीना ठाकुर ने कहा कि डाड़ी भाग दो व तीन आंगनबाड़ी केंद्र को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है. निजी प्ले स्कूल की तरह बच्चों को इन केंद्रों में हर तरह की सुविधा दी गयी है. उन्होंने कहा कि बच्चों के खेलकूद के लिए स्लाइडिंग, रॉकर, बास्केटबॉल, बैट बल्ला, हिंदी-अंग्रेजी का वर्णमाला पोस्टर आदि भी लगाया गया है. अब इन केंद्रों में आने वाले बच्चे किसी निजी किड प्ले नर्सरी स्कूलों की तरह वातावरण में रहकर खेल-खेल में अक्षर ज्ञान सीखेंगे.
