हजारीबाग : रामनवमी दसवीं की भव्य शोभायात्रा मंगलवार देर शाम श्रद्धा व उत्साह के साथ संपन्न हो गयी. 26 मार्च की देर रात करीब 11 बजे सभी अखाड़ों से जुलूस निकला. जुलूस में एक से बढ़ कर एक आकर्षक झांकी निकाली गयी. क्लबों की झांकियों से धार्मिक, सांस्कृतिक, स्वच्छता, देशप्रेम, आपसी भाईचारा, पर्यावरण और सशक्तीकरण का संदेश दिया गया. अलख निरंजन क्लब खिरगांव की झांकी में हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई आपस में भाई-भाई को दर्शाया गया.
झांकी के माध्यम से सभी धर्मों में आपसी प्रेम का संदेश दिया गया. हिंदू नवयुवक संघ कुम्हारटोली की झांकी में स्वच्छता अभियान के महत्व को सामने लाया गया. नाइट किंग क्लब हरि नगर की झांकी में पर्यावरण और स्वच्छता मानव के लिए जरूरी है, यह बताया गया. जयप्रकाश मार्ग की झांकी में नारी सशक्तीकरण के महत्व को समझाया गया. इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासनिक, सैनिक क्षेत्रों में उनकी प्रगति को दर्शाया गया. धार्मिक झांकियों में कई पौराणिक, ऐतिहासिक कथाओं को दृश्यांकन किया गया. इसमें महावीर मंडप क्लब की ओर से रूद्राक्ष से भगवान हनुमान की भव्य मूर्ति दिखायी गयी. कलाकारों ने रूद्राक्ष का बेहतर इस्तेमाल कर मूर्ति को सजाया था.
इस कलाकृति को लोगों ने सराहा. शिवशक्ति क्लब ढेंगुरा की झांकी में लंका स्थित अशोक वाटिका में राक्षसों के बीच सीता, वीर बजरंग दल लेपो रोड की झांकी में कैलाश पर्वत पर भगवान शंकर का रौद्र रूप, बाहुबली क्लब पंच मंदिर की झांकी गणेश की विशाल प्रतिमा का दृश्य,
सम्राट क्लब नवयुवक दल खजांची तालाब की झांकी में हनुमान के कंधों पर भगवान राम, बिहारी दुर्गा मंडप क्लब की झांकी में वनवास के दौरान कुटिया में सीता,राम, लक्ष्मण की रक्षा करते हनुमान, केवटगढ़ बड़ा बाजार मल्लाह टोली एवं वीर विक्रम नवयुवक दल ग्वालटोली की झांकी में राम सीता की रक्षा में हनुमान, शिवशक्ति क्लब मटवारी की झांकी में भगवान विष्णु का मत्स्य अवतार का दर्शाया गया, अचानक क्लब गाड़ीखाना की झांकी में हनुमान की भव्य मूर्ति, सार्वजनिक क्लब चानो की झांकी में श्रीराम की विशाल मूर्ति, शिवशक्ति क्लब नूरा की झांकी में मां दुर्गा की प्रतिमा, युवा क्लब बोचा की झांकी में कैलाश पर्वत पर शिव परिवार के साथ हनुमान, जलौंध सार्वजनिक दुर्गा पूजा इचाक की झांकी में मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ जुलूस में शामिल हुए.
शक्तिपूंज क्लब सिरसी की झांकी में मां काली का रौद्र रूप, शिव एवं श्रीराम क्लब हुपाद की झांकी में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश, विशाल क्लब ओकनी की झांकी में देश की सीमा पर लड़नेवाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देते, जीटीसी चौक की झांकी में पंच मंदिर का दृश्य, अन्नदा चौक की झांकी में मनोकामना मंदिर, जय बजरंग समिति कानी बाजार की झांकी में शिव टेंबल नेपाल, जय श्रीराम क्लब खिरगांव की झांकी में रिद्धि-सिद्धि मंदिर, जय श्रीराम नवयुवक संघ कुम्हारटोली पारनाला की झांकी में ओड़िशा के कोनार्क मंदिर का दृश्य, आदर्श नवीन समिति नयाखाप की झांकी में शिव मंदिर की प्रतिकृति को दर्शाया गया. मंदिर की बारीकी से कलाकृति बनायी गयी थी. रात में विद्युत साज सज्जा से झांकी का आकर्षण और बढ़ गया था.
