गुमलाः विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) गुमला के तत्वावधान में सिलम स्थित वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता सह स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए गुमला अजीत कुमार सिंह, डीएलएसए के सचिव, स्थायी लोक अदालत (पीएलए) के सदस्य शंभू सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
वरिष्ठ नागरिकों से किया आत्मीय संवाद
कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुमार सिंह ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया. उन्होंने उनकी समस्याओं, जरूरतों और वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकार, सम्मानजनक जीवन, भरण-पोषण के अधिकार और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर वरिष्ठ नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- झारखंड में 3 साल से लंबित ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, 21 जिलों में जमीन के बावजूद नहीं शुरू हुआ काम
स्वास्थ्य जांच के बाद उपलब्ध कराई गई दवाइयां
अजीत कुमार सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं. उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने वृद्धाश्रम के निवासियों से उनके सुख-दुःख और आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों की टीम ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया. जांच के बाद जरूरत के अनुसार उन्हें दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं. इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के बीच आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया.
कार्यक्रम में कई लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रकाश कुमार पांडेय, पीएलवी राजेश सिंह, प्रेम कुमार शाह, तेतरू उरांव सहित डीएलएसए के अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी और संबंधित लोग मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- रांची में अब आवारा कुत्तों पर लगेगी लगाम, बड़गाई में बनेगा बर्थ कंट्रोल सेंटर
