बाइक से गिर कर एक की मौत, एक घायल
बाइक से गिर कर एक की मौत, एक घायल
घाघरा. थाना क्षेत्र के बनियाडीह पुल के समीप बुधवार की देर रात बाइक से गिरने से एक युवक की मौत व एक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृत युवक विद्यानंद उरांव (26) तिलसिरी अंबाटोली व घायल युवक राजीव उरांव (25) बदरी करमटोली का रहने वाला है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा में प्राथमिक उपचार के बाद राजीव को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया है. दुर्घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि विद्यानंद व राजीव दोनों दोस्त थे. दोनों घाघरा के करमडीपा में बहन के घर रह कर पढ़ाई करते थे. बुधवार को दोनों गांव जाने के लिए बाइक से निकले थे. इस दौरान बनियाडीह पुल के समीप हादसे के शिकार हो गये.
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत
घाघरा. थाना क्षेत्र के करंजटोली मुख्य पथ पर बुधवार की देर रात सड़क हादसे में चतमदाग निवासी नागो उरांव (54) की मौत हो गयी. अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसका चेहरा क्षत-विक्षत हो गया था, जिससे उसकी पहचान करने में भी परेशानी हुई. देर रात ग्रामीणों ने सड़क पर कुचला हुआ शव देख कर इसकी सूचना घाघरा पुलिस को दी. सूचना मिलते घाघरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को बरामद कर थाना ले आयी. काफी देर तक थाना में रखने के बाद अंत में मृतक की बहन को सूचना मिली, तो उसने थाना आकर मृतक के पहनावे को देख कर अपने भाई के रूप में पुष्टि की. बहन ने बताया कि नागो मंगलवार को करंजटोली आया था और बुधवार की दोपहर लगभग दो बजे वह घर जाने की बात कह कर घर से निकला था. लेकिन वह घर नहीं आया और गांव में ही इधर-उधर घूम रहा था. वह नशे की हालत में था.