गुमला. रसोई गैस की किल्लत से परेशान लोगों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा. दो दिनों तक लंबी कतार में खड़े रहने के बावजूद गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने पालकोट रोड को जाम कर दिया, जिससे पूरे इलाके की यातायात व्यवस्था चरमरा गयी. गुमला व ओड़िशा मार्ग करीब तीन घंटे तक बाधित रहा. घटना सुबह करीब आठ बजे की है. सरनाटोली इलाके में गैस वितरण नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने वार्ड कमिश्नर मनीष कुमार साहू के नेतृत्व में पेट्रोल पंप के पास सड़क पर गैस सिलिंडर रख कर चक्का जाम कर दिया. देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार वे पिछले दो दिनों से सुबह-सुबह सरना टोली स्थित मंदिर के पास गैस लेने के लिए लाइन में लग रहे थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी वितरण नहीं हुआ. बुधवार को भी सुबह आठ बजे तक गैस नहीं मिलने पर लोगों का धैर्य जवाब दे गया. उपभोक्ताओं ने जब इंडेन गैस एजेंसी संचालक से संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि आज सिलिंडर आया ही नहीं है, इसलिए वितरण संभव नहीं है. एजेंसी के इस जवाब से लोग और भड़क गये और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. जाम के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, सरकारी व निजी दफ्तरों में जाने वाले कर्मचारियों को हुई. कई लोग वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेने को मजबूर हुए. सूचना मिलते गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. काफी समझाने और बातचीत के बाद लोगों को शांत कराया गया और जाम हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. इधर गैस एजेंसी संचालक ने सफाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर ईरान-अमेरिका तनाव के कारण देशभर में गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सिलिंडर उपलब्ध होते होम डिलीवरी के जरिये वितरण शुरू कर दिया जायेगा. वार्ड कमिश्नर मनीष कुमार ने कहा किआखिर आमलोगों को बुनियादी जरूरतों के लिए कब तक इस तरह सड़क पर उतरना पड़ेगा. गैस संकट ने एक बार फिर व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. गुमला प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए.
गुमला-ओड़िशा मार्ग को तीन घंटे किया जाम
दो दिनों से गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन
