गुमला : मृतक के परिजनों को प्रशासन ने 10-10 हजार रुपये मुआवजा दिये. एसडीओ अमर कुमार, बीडीओ व सीओ वहां पहुंचे. एसडीओ ने कहा कि कागजी कार्रवाई के बाद और पैसे दिये जायेंगे. घटनास्थल पर सीआरपीएफ के सीओ वीपी सिंह, सहायक कमांडेंट विशाल, एसडीपीओ बच्चनदेव कुजूर, इंस्पेक्टर जेएस मुरमू, बसिया थानेदार चक्रवती राम, पालकोट थानेदार नित्यानंद महतो सहित कई पुलिस अधिकारी पहुंचे थे. परिजनों ने पांच-पांच लाख रुपये व सरकारी नौकरी देने की मांग की है.
पुलिस को जानकारी थी, कार्रवाई नहीं की
खबर है कि पुलिस को तीन दिन पहले उग्रवादियों के गुड़ाम इलाके में घूमने की सूचना मिली थी. पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. कहा जाता है कि पुलिस समय पर कार्रवाई करती, तो शायद हमला टल सकता था. इधर, चार मजदूरों की मौत के बाद भारी संख्या में पुलिस गुड़ाम व सुकरूडा इलाके में पहुंची. जिला पुलिस के साथ सीआरपीएफ व आइआरबी के जवान थे.
जवानों ने क्षेत्र में छापामारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली. बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद उग्रवादी बड़े आराम से सुकरूडा गांव की ओर गये. उग्रवादी पैदल आये थे. जाते वक्त घटना स्थल से कुछ दूरी पर खड़ी बाइक से भागे.
