सिसई : सिसई प्रखंड में नौवीं कक्षा की सेंटअप परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने की बात कही जा रही है. परीक्षा 16 मार्च से शुरू होनी है. परीक्षा की पूरी तैयारी हो गयी है. शिक्षा विभाग द्वारा प्रश्न पत्र सभी स्कूलों में भेज दिया गया है.
इसके बाद अचानक प्रश्न पत्र लिक होने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के होश उड़े हुए हैं. प्रश्न पत्र लिक होने की शिकायत फोन पर हिंदू जागरण मंच के परावर्तन प्रमुख संजय कुमार वर्मा ने जिले के वरीय अधिकारियों को दी.
उन्होंने कहा है कि सिसई में कई कोचिंग सेंटर चलते हैं. यहां पहले से नौंवी कक्षा का प्रश्न पत्र पहुंच गया है. श्री वर्मा ने एक छात्र के हाथ में पहले से प्रश्न पत्र देखा. उक्त छात्र सिसई की एक फोटो कॉपी दुकान में प्रश्न पत्र की कॉपी कराने पहुंचा था.
बताया जा रहा है कि एक कॉपी 100 रुपये में बिक रहा है. धड़ल्ले से नौवीं कक्षा के छात्र प्रश्न पत्र खरीद रहे हैं. डीइओ नीरू पुष्पा टोप्पो ने बताया कि एसडीओ साहब ने फोन पर प्रश्न पत्र लिक होने की शिकायत की जानकारी दी है. अब परीक्षा केंद्र में ही जांच के बाद पता चलेगा कि प्रश्न पत्र लिक हुआ या नहीं. नौवीं कक्षा की परीक्षा का प्रश्न पत्र सभी स्कूलों में भेज दिया गया है. किन किन विषयों का प्रश्न पत्र लिक हुआ है, इसकी जांच की जायेगी.
