घर में खेल रही थी तभी मंगरा उठा कर ले गया मनीता को
पांच दिन से परिजन मासूम मनीता को खोज रहे
सीडब्ल्यूसी से की शिकायत. खोजने की गुहार
गुमला : गुमला थाना के लट्ठा बरटोली गांव के भउला उरांव व फुलमनी देवी की चार साल की बेटी मनीता का अगवा कर लिया गया है. मंगलवार को मनीता जब घर पर थी, उसी समय उसे अगवा कर लिया गया. अब पांच दिन हो गये, अभी तक मनीता का सुराग नहीं मिला. परिजन पांच दिन से मनीता को गांव-गांव घूम कर खोज रहे हैं.
पर मनीता का पता नहीं चल रहा है. फुलमनी देवी ने महुआटोली के मंगरा उरांव पर अपने बेटी को अगवा कर ले जाने का आरोप लगाया है. मंगरा भी अपने घर से गायब है. फुलमनी ने इसकी शिकायत शनिवार को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी गुमला से की है. उन्होंने कमेटी के लोगों से अपनी मासूम बेटी को खोजने की गुहार लगायी है.
मंगरा को उठा कर ले जाते देखा है : बताया जा रहा है कि मंगलवार को महुआटोली गांव का युवक मंगरा उरांव लट्ठा बरटोली गांव आया था. उस समय फुलमनी व उसका पति भउला उरांव खेत में काम कर रहे थे.
मनीता अपने अन्य भाई-बहनों के साथ घर पर थी. मंगरा घर आया और चुपके से मनीता को उठा कर ले गया. जब मनीता को वह ले जा रहा था, उस समय गांव के कुछ लोगों ने उसे देखा था.
मंगरा को घर से निकाल दिया है : फुलमनी ने बताया कि जब मंगरा उसकी बेटी को अगवा करके ले गया, तो वह मंगरा के घर गयी थी. लेकिन वह घर पर नहीं था. उसके परिजनों से पूछने पर बताया कि मंगरा अक्सर चोरी व बदमाशी करते रहता है. इसलिए उसे घर से निकाल दिया गया है. फुलमनी ने कहा कि उसे शक है कि उसकी मासूम बेटी को बेचने के लिए मंगरा उसे चोरी कर लिया है.
बेटी की चिंता है, नींद नहीं आ रही : फुलमनी ने कहा पांच दिन हो गये, अभी तक मनीता का कहीं पता नहीं चला है. चार बेटा-बेटी में मनीता सबसे छोटी है. वह किस हाल में होगी. रात को नींद भी नहीं आती है. बेटी सकुशल हो, यही प्रार्थना है़
