गुमला : सीपी ग्राम के तहत आम जनता की शिकायतों की समीक्षा को लेकर विकास भवन सभागार में डीसी दिनेशचंद्र मिश्र ने बुधवार को जिले के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में सीपी ग्राम के तहत मिली जनशिकायतों के लंबित होने पर डीसी ने नाराजगी प्रकट की.
जिले भर से आम जनता के 100 से भी ज्यादा शिकायतें जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में लंबित है. इन सभी लंबित शिकायतों को डीसी ने चार दिनों के अंदर दूर करने का निर्देश दिया है.
कहा कि 28 दिसंबर को सीएम रघुवर दास वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से जन शिकायतों की समीक्षा करेंगे. लेकिन उनके समीक्षा से पहले 27 दिसंबर तक हर हाल में सभी शिकायतों का निष्पादन कर लेना है. कोई विभाग यदि समस्या का समाधान नहीं करता है, तो 28 दिसंबर को सीएम के वीडियो कॉन्फ्रेंस में संबंधित विभाग के पदाधिकारी स्वयं उपस्थित रहेंगे और स्पष्टीकरण देंगे. डीसी ने कहा कि सीपी ग्राम के तहत मिलनेवाली जनशिकायतों को दूर करने के लिए जिले में बनाया गया कोषांग सही ढंग से काम नहीं कर रहा है. कार्य में लापरवाही अथवा लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं करेंगे. पीएचइडी व नगर परिषद में अधिक संख्या में शिकायतें लंबित है. इसलिए जितना जल्द से जल्द हो सके. सभी शिकायतों को दूर करें. इस दौरान कई विभागों के पदाधिकारियों ने भवन व सड़क जैसे कार्य पूर्ण कराने के लिए पैसे के कमी की शिकायत की.
इस पर डीसी भड़क उठे. डीसी ने कहा कि पैसा नहीं है, तो संबंधित विभाग को पत्र लिखें और राशि की मांग करें. विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे. बैठक में डीपीओ अरुण कुमार सिंह, डीडब्ल्यूओ अनिल कुमार, विशेष प्रमंडल के इइ रवि सहाय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
