सिसई : सिसई प्रखंड से 30 किमी दूर स्थित अरको गांव में चेचक से तीन बच्चों की मौत एवं दर्जनों लोग चेचक की चपेट की खबर प्रभात खबर में छपने के बाद गुरुवार को गुमला व सिसई का चिकित्सा दल अरको गांव पहुंचा.
जहां चिकित्सा विभाग ने शिविर लगाया और पवरिया टोला, महतो टोला व महली टोला के ग्रामीणों की जांच की. इसके बाद चिकित्सकों ने गांव में चेचक फैले होने की पुष्टि की. शिविर में चिकित्सा प्रभारी डॉ नमिता लकड़ा, डॉ प्रशांत चौहान, डॉ हेमंत कुमार, डॉ राहुल देव, एसीएमओ डॉ अशोक कुमार सहित अजीत कुमार, खूबलाल, पूनम कुमारी, हरदेव नारायण सिंह व विकास सिंह ने पीड़ित बच्चों की जांच की और दवा दी. यहां बता दें कि चेचक से तीन बच्चों की मौत हो चुकी है.
बीडीओ ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया
गुरुवार को सिसई बीडीओ राकेश कुमार ने अरको गांव का दौरा किया. जहां बीडीओ ने मृत व पीड़ित बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और ढांढ़स बंधाया. साथ ही गांव के ग्रामीणों से अपील की कि गांव में किसी भी प्रकार की बीमारी फैलती है, तो इसकी सूचना तुरंत ही स्वास्थ्य केंद्र में दें. गांव को साफ-सुथरा रखें. गांव में जहां-तहां गंदगी कारण तरह-तरह की बीमारियां फैलती है.
