चयन. गुमला के दीपक, सिसई के गंगा व बिशुनपुर के यूथ अध्यक्ष कृष्णा बने
कांग्रेस हित में काम करने का लिया संकल्प
गुमला : जिला यूथ कांग्रेस कमेटी के चुनाव में इस बार भी राजनील तिग्गा जिलाध्यक्ष के पद पर काबिज हुए. राजनील लगातार चौथी बार यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बने हैं.
वहीं गुमला विस क्षेत्र के यूथ अध्यक्ष दीपक विश्वकर्मा, सिसई विस क्षेत्र के अध्यक्ष गंगा उरांव और बिशुनपुर विस क्षेत्र के अध्यक्ष कृष्णा कुमार लोहरा बने हैं. चुनाव जीतने के बाद पूर्व शिक्षामंत्री सह सिसई की पूर्व विधायक गीताश्री उरांव ने जिलाध्यक्ष सहित तीनों विस क्षेत्र के यूथ अध्यक्षों को माला पहनाया और जीत की बधाई दी. साथ ही उम्मीद जतायी कि पहले की अपेक्षा अब कांग्रेस का और भी जनाधार बढ़ेगा. अब जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग विधानसभा अध्यक्ष हैं, जो कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे.
मौके पर मौजूद कांग्रेसियों ने पार्टी को और मजबूत करने का संकल्प लिया. मौके पर चुनाव के लिए प्रदेश से आये डीआरओ मनीष चंद्र टैगोर, एआरओ पशुपतिनाथ मिश्रा, संजीव कुमार, राहुल कुमार, पंकज कुमार मिश्रा व कमलदीप ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित थे.
