गोड्डा : स्कूल से लौटने के क्रम में नाबालिग से रास्ते में छेड़छाड़ करना एक युवक को महंगा पड़ गया. लड़की के शोर मचाने पर जुटी भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई कर दी. आराेपित युवक का नाम अरबाज अंसारी उर्फ पूना बताया जाता है. यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पंचरूखी दक्षिणी टोला की है. नाबालिग के पिता ने थाना में मामला दर्ज कराया गया है. आरोपित के विरुद्ध पोस्को एक्ट व छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया गया है.
जानकारी के अनुसार नाबालिग स्कूल से पढ़कर लौट रही थी. इसी दौरान आरोपित ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ किया. लड़की के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गये और आरोपित की जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान बीच-बचाव करने आरोपित के पिता नबाब अंसारी आये. भीड़ ने उन्हें भी नहीं छोड़ा.
पिटाई से दोनों घायल हो गये. दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. इलाजरत नबाब अंसारी ने बताया कि मामूली सी बात पर झड़प हुई थी. बताया कि मो अमीन अंसारी, मो नेजाम अंसारी, रहमान अंसारी, जियान व नुरनबी अंसारी ने बेटे और मेरे साथ मारपीट की है. पिटाई से बेटा बेहोश हो गया. थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया की मामला दर्ज कर लिया गया है.
