दलाही : लगातार तीन दिनों से हो रही तेज बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. पहले पहल बारिश की शुरुआत से किसानों के चेहरे पर भी खुशी थी, लेकिन बरसात के उग्र रूप धारण कर लेने से किसान भी अब चिंतित हैं.
किसानों ने जो फसलें लगायी है, उसमें बहुत अधिक पानी जमा हो जाने की वजह से अब किसानों को फसलों के सड़ जाने की आशंका सताने लगी है. लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से तालाबों व खेतो में काफी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. वहीं दलाही के रांगा पंचायत अंतर्गत नगरापाथर गांव में एक मिट्टी का घर ध्वस्त हो गया है.
गृहस्वामी प्रकाश साह का यह दो कमरों की मिट्टी से निर्मित खपरैल का घर था, जो तेज बारिश की भेंट चढ़ गया. हालांकि घर के ध्वस्त हो जाने से किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. बारिश की वजह से दीवारें पूरी तरह भींग गई और कमजोर हो जाने के बाद अचानक रात्रि में ढह गया.
घटना के वक्त प्रकाश घर में नहीं था, वह किसी काम से कहीं बाहर गया था. लेकिन परिवार के सदस्य घर में ही थे, घरवालों को दीवारों के कमजोर होने तथा इसके ढह जाने की जैसे ही आशंका हुई, तो वे लोग घर से बाहर निकल गये और कुछ ही देर में घर ढह गया.
