दबंगों ने एक पक्ष को घर में घुस कर पीटा
गोड्डा/पोड़ैयाहाट : गोड्डा जिला के पोड़ैयाहाट थाना अंतर्गत आकाशी पंचायत क्षेत्र के आकाशी गांव में आपसी वर्चस्व की लड़ाई में 22 लोग घायल हो गये. घायलों में महिला सहित दो बच्चे भी शामिल हैं. सभी घायलों को सदर अस्पताल में भरती कराया गया.
घायलों के मुताबिक, दूसरे पक्ष के दबंगों ने घर में घुस कर उनकी पिटाई कर दी. मामले में पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी अरविंद सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में कुछ असामाजिक तत्व हैं. उनके बहकावे में ही मारपीट की घटना हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर मामला दर्ज करेगी.
बरात में हुआ नोक-झोंक, लौटने पर बदले की कार्रवाई : प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाशी गांव के हरिजन टोला के मनोज दास की बरात शनिवार को पाकुड़ गयी थी. पाकुड़ में बरातियों में आपस में नोक -झोंक हो गयी. कुछ बरातियों ने शराब के नशे में धुत होकर विवाह स्थल पर रखी हुई कुरसियां तोड़ डाली. वर पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया.
इस पर बरातियों में आपसी नोक-झोंक बढ़ गयी. जुटे लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा कर विवाह कराया. रविवार की सुबह बरात गांव लौट गयी. इसके बाद करीब 11-12 बजे के बीच आकाशी गांव में दूसरे पक्ष से दर्जनों लोग लाठी-डंडे के साथ वर पक्ष के घर पहुंच गये. जिसमें दोबारा नोक -झोंक हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गयी. जिसमें एक पक्ष से करीब 22 लोग घायल हो गये. इस घटना में दूसरे पक्ष के अनेश यादव, सेंटर यादव, लालचंद यादव, अजय यादव, संजीव यादव, भादू यादव, रितू यादव, उत्तम यादव, दीपक यादव आदि पर मारपीट करने का आरोप है.
घायलों का चल रहा इलाज
मारपीट की इस घटना में एक पक्ष से दुधिया देवी (55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गयी. वहीं पुतुल देवी (25 वर्ष), रामा रविदास (62 वर्ष) , धनेश्वर दास (17 वर्ष), बिजली देवी (24 वर्ष), संतोष दास (35 वर्ष), फुलचंद दास (35 वर्ष), लखींदर दास (8 वर्ष), लक्ष्मी देवी (7 वर्ष), मीरा देवी (35 वर्ष), सिकंदर दास (35 वर्ष), मंटू दास (34 वर्ष), पप्पू दास (32 वर्ष), शंकर दास (18 वर्ष), वीणा देवी (30 वर्ष), संतोष दास (30 वर्ष), धनसुरिया देवी (40 वर्ष), बिंदू देवी (35 वर्ष), मिथुन दास (18 वर्ष) आदि शामिल है.
