अब भी पुलिस खाली हाथ

पोड़ैयाहाट थाना ने चलाया दर्जनों गांव में सर्च ऑपरेशन गोड्डा : पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के ठाकुर नहान पंचायत के सिमराकोला के बनखोजवा गांव में शुक्रवार की रात हथियार बंद अपराधियों द्वारा दो करोड़ की मशीन को फूंके जाने के बाद गोड्डा एसपी के निर्देश पर एक टीम अपराधियों की धर पकड़ के लिए चिह्न्ति स्थानों […]

पोड़ैयाहाट थाना ने चलाया दर्जनों गांव में सर्च ऑपरेशन
गोड्डा : पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के ठाकुर नहान पंचायत के सिमराकोला के बनखोजवा गांव में शुक्रवार की रात हथियार बंद अपराधियों द्वारा दो करोड़ की मशीन को फूंके जाने के बाद गोड्डा एसपी के निर्देश पर एक टीम अपराधियों की धर पकड़ के लिए चिह्न्ति स्थानों पर छापेमारी कर रही है.
शनिवार को भी पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी अरविंद सिंह के साथ इंस्पेक्टर अरुण कुमार द्वारा छापेमारी की गयी. थाना प्रभारी अरविंद सिंह के मुताबिक शुक्रवार की रात पोड़ैयाहाट थाना के कई गांवों में व हंसडीहा थाना क्षेत्र के गांवों में छापेमारी की गयी.
वहीं शनिवार को भी छापेमारी की बात बतायी जा रही है. जिसमें सिंमराकोला, चोरबटिया, बरहेत के साथ बिहार के पास के श्याम बाजार आदि क्षेत्र के गांवों में पुलिस ने छापेमारी की. लेकिन अभी तक किसी भी अपराधी के पकड़े जाने की सूचना नहीं है. अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर दुमका डीएसपी पीतांबर सिंह खेरवार भी अपनी टीम के साथ शुक्रवार को रात भर तलाशी अभियान चलाया.
पुलिस को लेवी मांगने वाले की तलाश
पुलिस को उस व्यक्ति की तलाश है जिसने 22 मई को क्रशर आकर लेवी की मांग की थी. इस दौरान 20 लाख रुपये की मांग की गयी थी. मांग करने वाले की कुछ ऑडियो रिकॉर्ड भी आइपीसी कंपनी के कर्मी के पास बतायी जा रही है. पुलिस इन बिंदुओं पर भी जांच कर रही है.
दुमका की पुलिस ने मामले को लिया हल्के में
गोड्डा एसपी देवेंद्र ठाकुर मामले को लेकर लगातार अपराधियों की धर पकड़ के लिए मॉनीटरिंग कर रहे है. श्री ठाकुर का मामना है कि अगर दुमका के हंसडीहा थाना की पुलिस द्वारा मामले में गंभीरता से लिया गया होता तो घटना टाल सकती थी. लेकिन पोड़ैयाहाट थाना को सूचना समय पर नहीं मिली.
22 मई से ही आइपीसी कंपनी के कर्मी से लेवी मांगे जाने की घटना चल रही है.
23 मई को क्रशर कंपनी के कर्मी मोहन लाल द्वारा मालिक जितेश राजपाल को जानकारी के बाद हंसडीहा थाना को इस बात की जानकारी दी गयी थी. थाना द्वारा पोड़ैयाहाट थाना को इस बात की जानकारी से अनभिज्ञ रखा गया. एसपी श्री ठाकुर के मुताबिक हंसडीहा थाना को अगर मामले की जानकारी थी तो उसी समय पोड़ैयाहाट को बताना चाहिए था.
पुलिस की उदासीनता से हो गयी बड़ी घटना
अपराधियों ने लेवी के लिए एसएमएस भी राजपाल को भेजा था. श्री राजपाल द्वारा पटना में रह रहे अपने मित्र एक्सपर्ट से मोबाइल सर्च कर बताया था कि सेट किस व्यक्ति के नाम है और कहा का रहने वाला है. इसके बावजूद पुलिस ने कुछ नहीं किया.
पोड़ैयाहाट का ठाकुर नहान व सीमावर्ती क्षेत्र अपराधियों का सेफ जोन
पोड़ैयाहाट थाना का यह इलाका जहां मशीन जलाने की घटना हुई वो आठ वर्षो से संवेदनशील है. अपराधियों का सेफ जोन वाला यह क्षेत्र पहाड़ी व जंगलों से आच्छादित है. सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण बिहार से अपराधी की आवाजाही होती रहती है. और अपराधी एक एक कर अपराध की घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाते है.
2007-08 में सफेद पत्थर के व्यवसायी राजेश मंडल का अपहरण कर लिया गया था. आठ दिनों के बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिली. वहीं 2011-12 में दो शिक्षकों का अपहरण एक माह के अंतराल पर किया गया था.
जिसमें गुमा गांव के शिक्षक को अपहरण करने के बाद हत्या कर दी गयी थी, जबकि एक शिक्षक को बाद में छोड़ दिया गया था. वहीं भागलपुर हंसडीहा मुख्य मार्ग पर पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में गोली मारकर अपराधियों ने एक व्यवसायी की हत्या कर दी थी. जबकि एक वाहन की चोरी कर ली गयी थी.
तीन से चार घटनाएं जिसमें गोली मारी गयी है
वहीं 2011 में जितेश राजपाल के भाई राजेश राजपाल की गाड़ी को दांडे मोड के पास रात के वक्त अपराधियों द्वारा उठा लिया गया था, आज तक वाहन का सुराग पुलिस नहीं लगा पायी.
बौंसी थाना का श्याम बाजार व डैम क्षेत्र संवेदनशील
बौंसी थाना क्षेत्र जो गोड्डा व दुमका की सीमा क्षेत्र बिहार-झारखंड का बॉर्डर एक दशक से नक्सली घटनाओं के लिए चिह्न्ति रहा है. बौंसी के झालर पंचायत के मुखिया प्रयाग यादव की हत्या अंधाधुंध फायरिंग कर कर दी गयी थी. डैम के पास कई बार आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया. शुरू से ही गोड्डा के प्रतिबंधित शांतिपाल नक्सली संगठन के सदस्यों का शरण स्थल भी बांका रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >