गांडेय से समशुल अंसारी की रिपोर्ट
Giridih (गांडेय): एक नाबालिग बच्ची के बाल विवाह होने की गुप्त सूचना पर चाइल्ड हेल्पलाइन/चाइल्ड लाइन की टीम पुलिस प्रशासन के साथ गांव पहुंची और नाबालिग को बालिका वधू बनने से बचाया. मामला मोहनडीह गांव का है. जानकारी के अनुसार गांव में बाल विवाह की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी निशात अंजुम ने मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए बाल संरक्षण विभाग के प्रखंड समन्वयक सुबोध कुमार को जिम्मेदारी सौंपी. जांच के दौरान बच्ची नाबालिग पाई गई.
चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की तत्परता
टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी, पंचायत सचिव मो आलमगीर, महिला पर्यवेक्षक किरण प्रसाद, चाइल्ड लाइन से संतोष कुमार वर्मा, मुखिया अमृतलाल पाठक एवं आंगनबाड़ी सेविका जयंती देवी के सहयोग से बाल विवाह को तत्काल रुकवाया गया. इसके उपरांत बच्ची को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कराया गया.
बाल विवाह पर यहां करें शिकायत
समिति के निर्देशानुसार बच्ची के माता-पिता से बॉन्ड भरवाया गया और बच्ची को उनके संरक्षण में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस प्रशासन ने अपील करते हुए कहा है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने में सहयोग करें तथा ऐसी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस प्रशासन अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को दें. बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है तथा इसके विरुद्ध कानूनन कार्रवाई का प्रावधान है.
ये भी पढ़ें…
पिठोरिया हनुमान मंदिर में चोरी, तांबा-पीतल की पूजन सामग्री ले उड़े चोर
