गिरिडीह. मुफस्सिल थाना इलाके की 17 वर्षीय आदिवासी लड़की के साथ झांसा देकर गैंगरेप का मामला सामने आया है. दुष्कर्म के दोनों आरोपी को नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता ने बताया कि रविवार दोपहर को वह करमा पूजा के लिए खरीदारी करने पचंबा आयी थी. वहां उसे दो युवक मिले जिन्होंने बहला-फुसला कर अपनी बाइक पर बैठा लिया और उसे लेकर शहर आ गये. शहर में घुमाने के क्रम में उसे कुछ खिलाया गया और दोनों उसे खंडोली ले गये.
खंडौली से लौटने के बाद रविवार की देर शाम को शहर के महादेव तालाब के पास दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया. वह किसी तरह उनके चंगुल से भागी और सड़क पर आकर एक महिला को जानकारी दी. महिला ने आसपास के लोगों को बुलाया और इसकी जानकारी नगर पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी बीरेंद्र राम ने आरोपी हुट्टी बाजार निवासी मो मिंटू उर्फ हसन और कुरैशी मुहल्ला निवासी मो नदीम कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार दोनों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया. दोनों ने लड़की को अगवा करने में जिस बाइक का इस्तेमाल किया था उसे भी बरामद कर लिया.
दोनों गये जेल : डीएसपी
डीएसपी विजय आशीष कुजूर ने कहा कि इस मामले में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों के खिलाफ कांड संख्या 261/16, 376 (डी), 366 (ए) भादवि, 4, 8, 12 पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है.
कड़ी सजा दिलाने की मांग
जिप सदस्य शांति मरांडी ने कहा कि गिरफ्तार किये गये दोनों युवकों को कड़ी से कड़ी सजा मिले. उन्होंने घटना की निंदा करते हुए इसे शर्मनाक बताया है.
