सीआरपीएफ के आइजी, डीआइजी ने एसपी के साथ की बैठक
गिरिडीह : सीआरपीएफ के आइजी एमवी राव व डीआइजी बीके टोप्पो गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे. यहां पर सीआरपीएफ 7 बटालियन कैंप में एसपी क्रांति कुमार, एएसपी कुणाल, सीआरपीएफ के कमांडेंट आरके सिंह के साथ बैठक की. बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा हुई. इसके उपरांत आइजी ने पत्रकारों से बात की.
उन्होंने कहा कि नक्सल के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को सफलता मिल रही है. स्टेट पुलिस के साथ मिलकर सीआरपीएफ लगातार इलाके में सक्रिय है. यही कारण है कि लोगों का विश्वास जगने लगा है. विश्वास जगने का परिणाम है कि माओवादियों द्वारा वोट बहिष्कार की घोषणा के बाद भी लोगों ने लोकसभा चुनाव में जमकर मतदान किया. यह मतदान संकेत है कि नक्सलियों को आम लोग नकार चुके हैं. ऐसे में माओवादी आम लोगों के संकेत को पहचाने और मुख्य धारा में लौटे. हिंसा छोड़ कर माओवादी मुख्य धारा में आयेंगे तो उनसे बात भी होगी. उन्होंने कहा कि पुलिस व पारा मिलिट्री का कर्तव्य आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना है.
हम आम लोगों के अधिकारों की रक्षा में जुटे हुए हैं. श्री राव ने कहा कि राज्य की सीमा से सटे इलाकों में नक्सली गतिविधि पर नजर रहती है और स्टेट पुलिस के सहयोग से इन गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा रहा है. संसाधनों के सवाल पर श्री राव ने कहा कि सभी तरह की सुविधाओं को केंद्र सरकार व राज्य सरकार अपग्रेड कर रही है और संसाधन की कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि नक्सल अभियान के अलावा आम लोगों से जुड़े जनोपयोगी कार्यो में भी सीआरपीएफ बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है.
