बेंगाबाद : जर्जर पुलिया के कारण हो रहे गंदे जल-जमाव व दुर्घटना से आशंकित बेंगाबाद बाजार के लोगों ने प्रशासन का ध्यान संकट की ओर आकृष्ट कराया है. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बीडीओ का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब जर्जर पुलिया की मरम्मत कराने तथा गंदे जल जमाव की निकासी कराने की मांग की है.
मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ा : बेंगाबाद-चतरो मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद थाना के समीप स्थित पुलिया जर्जर होकर धंस गयी है और जल निकासी बंद हो गयी है. जल निकासी के बंद होने से गंदे पानी के जमने से चारों और बदबू फैल रही है. मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. आवाजाही में लोगों को परेशानी हो रही है. दूसरी ओर पुलिया की जर्जरता से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है. मांग करने वालों में भाजपा नेता शिवपूजन राम, पवन राम, झाविमो के सुबोध गुप्ता, प्रवीण राम सहित कई लोग शामिल हैं. उन्होंने कहा कि बेंगाबाद बस्ती की ओर जाने वाले पीसीसी पथ पर गंदगी का ढेर लग गया है. इधर, बीडीओ कुमार अभिषेक सिंह ने स्थल की जांच करवाने की पुष्टि की तथा जल्द ही काम शुरू करने का भरोसा दिया.
