गिरिडीह : भाकपा माओवादी के नक्सली नेमचंद महतो उर्फ डाॅक्टर के पास मिले एके 47 रायफल की तकनीकी जांच का आदेश न्यायालय ने दे दिया है. अब हथियार की जांच सार्जेंट मेजर करेंगे. इसके बाद रायफल को जांच के लिये कोलकाता भेजा जायेगा. जांच में यह पता लगाया जायेगा कि रायफल कहां पर बनाया गया था.
इसकी जानकारी बेंगाबाद थाना प्रभारी पृथ्वीसेन दास ने दी है. बताया कि हथियार की तकनीकी जांच के लिये न्यायालय के पास आवेदन दिया गया था. न्यायालय के आदेश पर रायफल को सार्जेंट मेजर को सौंपा गया है. बता दें कि बेंगाबाद थाना इलाके के केंदुआगढ़ा निवासी नेमचंद महतो को एसपी सुरेन्द्र कुमार झा व एएसपी दीपक कुमार की टीम ने गत मार्च माह में जमुआ थाना इलाके के दलोरीटांड़ से गिरफ्तार किया था. नेमचंद की निशानदेही पर पुलिस ने एक एके 47 रायफल, चार मैगजीन, 76 कारतूस, मोटोरोला का वॉकी-टॉकी, 07 सीरिंज, 01 पाउच बरामद किया था. नेमचंद भाकपा माओवादी नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के झारखंड-बिहार जोनल कमेटी मेंबर व 10 लाख का इनामी था.
