चपुआडीह/डुमरी : बेंगाबाद-मधुपुर मुख्य मार्ग स्थित करमजोरा मोड़ के पास शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में साठीबाद निवासी हरकु मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया. हरकु करमजोरा मोड़ पर मछली व पाॅल्टी फार्म का संचालन करता है. शुक्रवार को वह दुकान बंद कर किसी काम से पास के ही गांव गया था. वापसी के क्रम में पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी. स्थानीय लोगों के सहयोग से हरकू को बेंगाबाद के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया,जहां से उसे धनबाद रेफर कर दिया गया.
वहीं दूसरी ओर निमियाघाट थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के समीप गुरुवार की देर शाम बाइक की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए रांगामाटी स्थित क्षितिज क्लिनिक में भर्ती कराया गया. बस स्टैंड निवासी राजेश जायसवाल अपनी दुकान को बंद कर घर जा रहे थे. इसी क्रम में तेज गति सेदूसरी ओर से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी. दुर्घटना में राजेश बुरी तरह से जख्मी हो गया़
