झारखंड: महिला को डायन बताकर खौलता पानी फेंका, छह आरोपी गिरफ्तार

श्री वंशीधर नगर के भोजपुर गांव में अंधविश्वास की खौफनाक वारदात सामने आई है। डायन-बिसाही का आरोप लगाकर एक महिला पर खौलता पानी फेंका गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है.

श्री वंशीधर नगर से गौरव पांडेय की रिपोर्ट

श्री वंशीधर नगर,गढ़वा: ऊंटारी थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में 55 वर्षीय महिला को डायन-बिसाही का आरोप लगाकर मारपीट करने और खौलता हुआ गर्म पानी फेंककर झुलसा देने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना 22 अगस्त 2026 की बतायी गयी है. पुलिस के अनुसार भोजपुर गांव निवासी दिलबशिया देवी (55), पति विशुनदेव उरांव पर गांव के ही कुछ लोगों ने डायन-बिसाही का आरोप लगाया था. इसके बाद उनके साथ मारपीट की गयी और जान से मारने की नीयत से शरीर पर खौलता हुआ गर्म पानी फेंक दिया गया. घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गयीं.

पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर श्री वंशीधर नगर ऊंटारी थाना में कांड संख्या 176/26, दिनांक 22 अगस्त 2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 127(2), 115(2), 117(2), 118(1), 118(2), 109, 352, 3(5) तथा डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की.

यह भी पढ़ें : गढ़वा में पत्नी और प्रेमी की साजिश ने उड़ाए होश : दो जंगल, दो हत्याएं और एक जैसी कहानी

छापेमारी कर छह आरोपियों को पकड़ा

थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में पर्मिला देवी (52 वर्ष, पति लालमोहन उरांव), दया उरांव (68 वर्ष, पिता स्व. रामा उरांव), गया उरांव (70 वर्ष, पिता स्व. रामा उरांव), सोनू उरांव (24 वर्ष, पिता स्व. रूपदेव उरांव), बिकेश उरांव उर्फ विकास उरांव (28 वर्ष) और श्रद्धा देवी (50 वर्ष, पति बिहारी उरांव) शामिल हैं. सभी भोजपुर गांव, थाना श्री वंशीधर नगर ऊंटारी, जिला गढ़वा के निवासी बताये गये हैं.

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया. न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

यह भी पढ़ें : MMDR बिल के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन 7 सितंबर को, कांडी में होगा धरना

अंधविश्वास से दूर रहने की अपील

पुलिस ने लोगों से अंधविश्वास और ओझा-गुणी के चक्कर में नहीं पड़ने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि किसी महिला या पुरुष को डायन बताकर प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है. ऐसी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गयी है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायन-बिसाही के नाम पर लोगों को प्रताड़ित करने और अंधविश्वास को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

शुभम राय झारखंड के सामाजिक, राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ झारखंड की राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय समस्याओं पर खबरें लिखने में रुचि रखते हैं. तथ्यों की पड़ताल और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को सरल और प्रभावी तरीके से सामने रखना उनकी पत्रकारिता की प्राथमिकता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >