प्रतिनिधि, भंडरिया (गढ़वा)
रमकंडा-भंडरिया मुख्य मार्ग पर रोदो गांव के पास सोमवार को दो बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान भंडरिया थाना क्षेत्र के रोदो गांव निवासी भोला सिंह के 35 वर्षीय पुत्र जनेस्वर सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, जनेस्वर सिंह बाइक से अपने ससुराल रंका थाना क्षेत्र के तमगे कला गांव शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी क्रम में रोदो गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. वहीं दूसरी बाइक पर सवार रमकंडा थाना क्षेत्र के होमिया गांव के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही भंडरिया और रमकंडा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद भंडरिया थाना की पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया.
