बिचौलियों को बेच रहे हैं धान

कटनी व दवनी के डेढ़ माह बीते, नहीं खुला धान क्रय केंद्र सिर्फ एक क्रय केंद्र के भरोसे बैठा है आपूर्ति विभाग नगरऊंटारी व रंका में धान क्रय केंद्र खुलने के बाद भी बनी हुई है निष्क्रिय अवस्था 11 में से आठ केंद्रों में अभी तक नहीं खुला है धान क्रय केंद्र गढ़वा : धान […]

कटनी व दवनी के डेढ़ माह बीते, नहीं खुला धान क्रय केंद्र
सिर्फ एक क्रय केंद्र के भरोसे बैठा है आपूर्ति विभाग
नगरऊंटारी व रंका में धान क्रय केंद्र खुलने के बाद भी बनी हुई है निष्क्रिय अवस्था
11 में से आठ केंद्रों में अभी तक नहीं खुला है धान क्रय केंद्र
गढ़वा : धान की कटनी व दवनी हुए करीब डेढ़ माह बीतने को है़ लेकिन अभी तक गढ़वा जिले में धान क्रय केंद्र नहीं खोले जा सके है़ं इन डेढ़ माह के बीच आधे किसान अपनी फसलों को बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर बेच चुके है़ं बिचौलिये द्वारा किसानों का धान 10 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जा रहा है़ जबकि केंद्र सरकार के समर्थन मूल्य व राज्य सरकार के बोनस को मिला कर 16 रुपये प्रति किलो की दर से धान क्रय केंद्र में धान की खरीद की जानी है़
जो किसान सरकारी दर पर धान बेचने का मन बना कर अभी तक बैठे हुए थे, उनका भी सब्र अब जवाब देने लगा है़ अभी एकमात्र गढ़वा बाजार समिति क्रय केंद्र ही सक्रिय है़ गढ़वा जिले में 1972 निबंधित किसानों से 147785.24 क्विंटल धान की खरीद करनी थी़ लेकिन इसमें से सोमवार तक 56 किसानों से मात्र 3757.04 क्विंटल धान की ही खरीद हो सकी है़ इस मामले को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों व राजनीतिक दलों की ओर से भी आंदोलन आदि के माध्यम से दबाव बनाया जा चुका है, लेकिन अभी तक धान क्रय केंद्र नहीं खोले जा सके है़ं इसको लेकर किसानों में जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है़
11 में से मात्र एक क्रय केंद्र ही है सक्रिय
सरकार के निर्देशानुसार गढ़वा जिले के 11 प्रखंडों में धान क्रय केंद्र खोल कर धान की खरीद की जानी थी, लेकिन अभी तक इसमें से सिर्फ गढ़वा कृषि उत्पादन बाजार समिति का क्रय केंद्र ही सक्रिय है़ जबकि दो अन्य खोले गये क्रय केंद्र रंका व नगरऊंटारी में धान की खरीद नहीं हो पा रही है़ गोदाम की समस्या सहित अन्य कारणों से दोनों क्रय केंद्र लगभग निष्क्रिय अवस्था में है़ गढ़वा क्रय केंद्र में निबंधित 524 किसानों में से मात्र 36 किसानों से 2626.64 क्विंटल धान की क्रय की गयी है़, जबकि क्रय केंद्र 22 दिसंबर से ही शुरू हो चुका है़ निबंधन के अनुसार अब तक 50345.37 क्विंटल धान की क्रय कर लिया जाना चाहिए था़ गढ़वा क्रय केंद्र से मेराल, डंडा व मझिआंव प्रखंड के किसानों को जोड़ा गया है़ इसी तरह रंका में 127 निबंधित किसानों में से मात्र चार किसानों से 160 क्विंटल धान की खरीद हुई है़ रंका क्रय केंद्र में रमकंडा प्रखंड के किसानों को भी जोड़ा गया है़ नगरऊंटारी में सर्वाधिक 701 किसान निबंधित हैं, लेकिन यहां मात्र 16 किसानों से 970.40 क्विंटल धान की खरीद हुई है़ नगरऊंटारी क्रय केंद्र से भवनाथपुर प्रखंड के किसानो को भी जोड़ा गया है़ इन क्रय केंद्र से जुड़े किसानों का यह भी आरोप है कि वे नेटवर्क क्षेत्र में हैं, लेकिन धान की खरीद से संबंधित एसएमएस उन्हें नहीं भेजे जा रहे है़ं इस संबंध में विभाग का दावा है कि उन्होंने 423 निबंधित किसानों को एसएमएस भेजा है़ लेकिन पूरे जिले में मात्र 56 किसानों के ही धान बेचने के आंकड़े से इसकी पोल खुल रही है़
आठ प्रखंडों में अभी तक नहीं खुला केंद्र
गढ़वा जिले के आठ प्रखंडों में धान क्रय केंद्र काफी पहले ही खुल जाने चाहिए थे, लेकिन आधा जनवरी महीना बीत जाने के बाद भी शुरू नहीं किये जा सके है़ं जहां क्रय केंद्र खोले जाने हैं, उसमें भंडरिया(बड़गड़ प्रखंड को मिलाकर), विशुनपुरा (रमना प्रखंड प्रखंड को मिलाकर), चिनियां, डंडई, कांडी (बरडीहा प्रखंड को मिलाकर), केतार, खरौंधी व सगमा (धुरकी प्रखंड को मिलाकर) शामिल है़ इन सभी आठ प्रखंडों में अभी तक 620 किसान निबंधित है़ं जिनसे निबंधन में दी गयी मात्रा के अनुसार 44804.63 क्विंटल धान की क्रय करनी है़ इसके अलावा अभी निबंधन की प्रक्रिया चल रही है़ इसमें भी काफी संख्या में किसानों के निबंधित होने का अनुमान है़ लेकिन विभाग की सुस्ती के कारण मार्च माह तक भी धान का क्रय हो पायेगा या नहीं इसमें संदेह है़
गढ़वा. मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने वीडियो क्रांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए दो दिन के अंदर जिले के सभी 11 प्रखंडों में धान क्रय केंद्र खोलने के निर्देश दिये है़ं सेामवार को समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी एसडीओ को निर्देश दिया कि वे इसकी मॉनेटरिंग करे़ं श्रीमति वर्मा ने कहा कि सुबह आठ बजे से शाम के चार बजे तक किसानों के धान का क्रय करे़ं उन्होंने निर्देश दिया कि जनवरी माह में ही आधे से ज्यादा निबंधित किसानों का धान क्रय कर ले़ं उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में बिचौलियों को हावी नहीं होने दे़
इसके अलावा उन्होंने 15 दिन के अंदर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के वैसे लाभुक जिनका अभी तक आधार कार्ड प्राप्त नहीं हो सका है, उनका सत्यापन कर नाम हटा दे़ं समीक्षा के दौरान बताया कि कि खाद्य सुरक्षा के कुल 2.55 लाख परिवारों में से करीब 4500 परिवारों का आधार कार्ड नहीं है़ इसके अलावा 4000 वैसे लाभुक हैं, जिन्होंने अगस्त माह के बाद से राशन का उठाव नहीं किया है़ ऐसे लाभुकों का नाम भी मुख्य सचिव ने हटाने के निर्देश दिये है़ं मुख्य सचिव ने राशन दुकानदार के खिलाफ प्राप्त शिकायतों का निबटारा करने के निर्देश देते हुए कहा कि उनसे संबंधित मामले को लंबित नहीं रखें, बल्कि एसडीओ स्तर से जांच कर अनुज्ञप्ति रद्द कर दे़ं इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी जावेद अनवर इदरिशी, गढ़वा एसडीओ राकेश कुमार, नगरऊंटारी एसडीओ राजेश कुमार साह सहित अन्य लोग उपस्थित थे़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >

ओबरा के प्रभारी मुखिया के खिलाफ लाया अविश्वास प्रस्तावप्रतिनिधि, गढ़वाबरडीहा थाना क्षेत्र के ओबरा गांव के उपमुखिया सह प्रभारी मुखिया के विरूद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है. इसको लेकर गढ़वा उपायुक्त व पंचायत सचिव को आवेदन दिया गया है. आवेदन में पंचायत के 13 में से नौ वार्ड सदस्यों का हस्ताक्षर है. आवेदन में प्रभारी मुखिया पर कार्यकारिणी की बैठक नहीं करने, बिना कोई निर्णय के मनमाने तरीके से योजनाओं का संचालन करने, जलमीनार लगाने के कार्य में अनियमितता व भ्रष्टाचार को अपनाने व वार्ड सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार करने आदि का आरोप लगाया गया है. वार्ड सदस्यों ने बताया कि पंचायत के 13 में से दो वार्ड सदस्यों की मौत हो गयी है. जबकि शेष 11 में से नौ वार्ड सदस्य इस अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष मे हैं. आवेदन में वार्ड सदस्य शोभा कुमारी, बसंत देवी, लिलावती देवी, मुखलाल राम, सरिता देवी, पुनम देवी, उर्मिला देवी, सरिता देवी, तहरीमा वीबी का नाम शामिल है.

अवैध खनन में संलिप्त चार ट्रैक्टर जब्त

नयी बिजली दरों को अविलंब वापस ले सरकार: भाजपा