दिनेश गुप्ता
रमना (गढ़वा) : गढ़वा-नगरऊंटारी एनएच-75 पर कई पुल काफी जजर्र हो चुके हैं. इससे हमेशा खतरे का आशंका बनी रहती है. कई बार इन पुलों पर हादसा हो चुका है. इसके बावजूद राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग द्वारा इन पुलों की मरम्मत नहीं करायी जा रही है. न ही नये पुल का निर्माण कराया जा रहा है.
इनमें कई पुल पचास वर्ष से अधिक पुराने हैं, जो इस समय पूरी तरह से जजर्र हो चुके हैं. चार राज्यों के आवागमन को जोड़नेवाले इस पथ पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन चलते हैं. इनमें दर्जनों भारी वाहन भी गुजरते हैं. इसके कारण जजर्र पुल से होकर गुजरना हमेशा खतरे को आमंत्रण देता है.
ध्वस्त होने के कगार पर बहियार पुल : बहियार गांव के पास स्थित बहियार पुल का लेवल धंस कर नीचे जा चुका है. पिछले साल इस पुल से एक कमांडर जीप नीचे गिर गयी थी. इससे चार लोगों की मौत हो गयी थी तथा दर्जनों लोग घायल हो गये थे. इसके बाद इस पुल की मरम्मत अथवा दूसरा पुल का निर्माण आज तक शुरू नहीं किया गया है.
