East Singhbhum News : बहन की शादी के लिए पैसे नहीं जुटा सका भाई, फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या

17 अप्रैल से घर से लापता था, शुक्रवार रात काजू के जंगल में मिला शव

बहरागोड़ा. जिस घर में तीन दिन बाद यानी 21 अप्रैल को शहनाई गूंजनी थी और चारों ओर खुशियों का माहौल था, वहां आज चीख-पुकार और मातम पसरा है. बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के उइनाला निवासी अनिमेष साहू (23) ने अपनी छोटी बहन की शादी के लिए पैसों का इंतजाम न कर पाने की चिंता में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

जंगल में पेड़ से लटका मिला शव

मृतक अनिमेष साहू 17 अप्रैल से लापता था. परिजनों ने उसे हर जगह ढूंढा और अंततः थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी. शुक्रवार की देर रात घर से करीब दो किलोमीटर दूर फॉरेस्ट गेस्ट हाउस के पीछे काजू के जंगल में एक पेड़ से उसका शव फंदे से झूलता पाया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शनिवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया.

आर्थिक तंगी ने छीन ली घर की खुशियां:

मृतक के पिता महादेव साहू ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की शादी 21 अप्रैल को होनी तय थी. अनिमेष कटक की एक निजी कंपनी में काम करता था. शादी की तैयारियों के लिए ही घर आया था. मृतक के पिता महादेव साहू टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घर की माली हालत ठीक नहीं थी, जिसके कारण अनिमेष शादी के खर्चों को लेकर पिछले कई दिनों से तनाव में था. पिता के अनुसार, पैसों की किल्लत और बहन की शादी की चिंता ही उसके आत्मघाती कदम का मुख्य कारण बनी. इस घटना के लिए उन्होंने किसी अन्य को जिम्मेदार नहीं ठहराया है. अनिमेष की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. भाई का शव जैसे ही गांव पहुंचा, परिजनों के क्रंदन से हर आंख नम हो गयी. घर के आंगन में शादी के लिए बांस गिर चुके थे, लेकिन अब इस हादसे के बाद शादी रुक गयी है. आंगन में टेंट और पंडाल के लिए बांस गिर चुके थे, तैयारियां पूरी थीं. पर किसे पता था कि जिस आंगन से बहन की डोली उठनी थी, वहां से भाई की अर्थी निकलेगी.

नदी में नहाने गया था मजदूर, सांप काटने से मौत

गुड़ाबांदा. गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीजुड़ी पंचायत के माड़ोतोलिया गांव में सर्पदंश से एक युवक की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय बाकसिंह माहली गुरुवार को काम से लौटने के बाद अपने साथियों के साथ पास ही सुवर्णरेखा नदी में नहाने गया था, जहां पानी के अंदर ही उसे एक जहरीले सांप ने डंस लिया. घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे बारिपादा रेफर कर दिया. शुक्रवार को बारिपादा से भी उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कटक रेफर किया गया, लेकिन कटक पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गयी. शुक्रवार देर शाम परिजन शव लेकर गांव लौटे.

इलाज व्यवस्था और एंबुलेंस सुविधा पर सवाल:

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध नहीं है. मरीजों को मजबूरी में निजी वाहन से अधिक भाड़ा देकर अस्पताल ले जाना पड़ता है, जिससे गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है.परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़मृतक मजदूरी का काम करता था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा था. उसकी मौत से तीन छोटे बच्चों सहित परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है. घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है. सूचना मिलने पर पुलिस ने शनिवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >