East Singhbhum News : Questions raised about safety standards in the under-construction house

सीढ़ी के किनारे सिर टकराने से काफी रक्त स्त्राव हुआ, अस्पताल में मृत घोषित

घाटशिला. घाटशिला थाना क्षेत्र के गोपालपुर में किड्जी स्कूल के समीप मंगलवार को निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गयी. मृतक की पहचान फूलडुंगरी कृष्णा पल्ली निवासी शंभू महापात्रा (58) के रूप में हुई. दरअसल, बीरके मुर्मू के घर में सीढ़ी रूम के ऊपर एस्बेस्टस को तोड़ा जा रहा था. जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच अचानक एस्बेस्टस टूट गया. इससे शंभू करीब 25-30 फीट नीचे गिर गया. सीढ़ी के किनारे टकराने से सिर में गंभीर चोट आयी. काफी रक्तस्राव हुआ. परिजन और स्थानीय लोग तत्काल अनुमंडल अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सक डॉ. शंकर टुडू ने मृत घोषित कर दिया.

बिना सुरक्षा कराया जा रहा था काम कार्रवाई व मुआवजा मिले : पुत्र

मृतक के पुत्र मनोज महापात्रा ने ठेकेदार सीताराम मुर्मू पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि इतनी ऊंचाई पर तेज धूप में बिना किसी सुरक्षा उपकरण के काम कराया जा रहा था. उन्होंने घटना के लिए ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराते हुए उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है. सूचना मिलते ही घाटशिला थाना के एसआइ देवसाय भगत ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली. अस्पताल में मृतक की पत्नी अनीता महापात्रा, पुत्र मनोज और पुत्रवधू संपा महापात्रा का रो-रोकर बुरा हाल था. ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है, जिसका पोस्टमार्टम बुधवार को किया जायेगा.

पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, पति गिरफ्तार

गालूडीह. गालूडीह थाना क्षेत्र की झाटीझरना पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती भुमरु गांव में पति ने नशे की हालत में पत्नी की पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने मंगलवार को आरोपी पति सुकू मुर्मू (50) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, घटना 12 अप्रैल की है. सुकू मुर्मू का पत्नी फूलमनी मुर्मू के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. नशे में धुत सुकू ने पत्नी की बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी. उसने फूलमनी को जोर से धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर किसी ठोस चीज से टकरा गया. अधिक रक्तस्राव होने के कारण फूलमनी की घर पर ही मौत हो गयी.

बीहड़ इलाका होने से देरी से मिली सूचना

भुमरु गांव बंगाल सीमा से सटे पहाड़ की तलहटी पर स्थित है. दुर्गम और बीहड़ क्षेत्र होने के कारण इस जघन्य हत्याकांड की खबर बाहर आने में समय लगा. सोमवार को सूचना मिलते ही गालूडीह पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया. मंगलवार को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया. डॉ भोगान हेंब्रम ने बताया कि शव करीब दो दिन पुराना लग रहा है. शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं. मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >