East Singhbhum News : अनुशासनहीनता के आरोप में दो सहायक शिक्षक बर्खास्त

गवर्निंग बॉडी ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय की छवि और शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा

घाटशिला. घाटशिला बीडीएसएल महिला महाविद्यालय में शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) द्वारा लिए गये कड़े फैसले के तहत अनुशासनहीनता और महाविद्यालय के हितों के विरुद्ध गतिविधियों में लिप्त पाये जाने पर दो सहायक शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी गयी है, जबकि तीन अन्य संकाय सदस्यों को निलंबित किया गया है. यह कार्रवाई 10 जनवरी को आयोजित गवर्निंग बॉडी की बैठक में लिए गये निर्णय के आधार पर की गयी है. महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार मनोविज्ञान विभाग की सहायक शिक्षिका डॉ पुष्कर बाला तथा राजनीतिशास्त्र विभाग के सहायक शिक्षक रणबीर कृष्ण रमन पर लगातार कदाचार, अनुशासनहीनता, प्रबंधन के निर्देशों की अवहेलना और सेवा में लापरवाही के आरोप पाये गये. इसके बाद शासी निकाय ने दोनों की सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया. प्रेस रिलीज में यह भी उल्लेख है कि संस्थान में शैक्षणिक अनुशासन, प्रशासनिक व्यवस्था और छात्रहित सर्वोपरि हैं. गवर्निंग बॉडी ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय की छवि और शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. इसी क्रम में तीन अन्य संकाय सदस्यों को भी अनुशासनात्मक जांच के बाद निलंबित किया गया है. प्रबंधन का कहना है कि यह कार्रवाई किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि संस्थान के दीर्घकालिक हित, अनुशासन और शैक्षणिक गुणवत्ता बनाये रखने के उद्देश्य से की गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

ATUL PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >