Chaibasa News : Control Lost Due to High Speed; Driver and Teenager Die After Tractor Overturns into Pond

चाईबासा से मरम्मत कराकर राजनगर के बालीडीह गांव लौट रहे थे दोनों

चाईबासा. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पंपाड़ा स्कूल के पास बुधवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक और एक किशोर की जान चली गयी. तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक तालाब में पलट गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दबकर मौत हो गयी. मृतकों की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के बालीडीह गांव निवासी समीर बारदा (23) और परमेश्वर तियु (15) के रूप में हुई है.

बालीडीह लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, समीर बारदा चाईबासा से अपने ट्रैक्टर की मरम्मत कराकर वापस अपने गांव बालीडीह लौट रहा था. उसके साथ गांव का ही 15 वर्षीय किशोर परमेश्वर तियु भी सवार था. बुधवार सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वे पंपाड़ा स्कूल के पास पहुंचे, ट्रैक्टर की रफ्तार तेज होने के कारण चालक ने उस पर से नियंत्रण खो दिया.

तालाब में समा गया ट्रैक्टर, मची चीख-पुकार

अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क छोड़कर सीधे किनारे स्थित तालाब में जा गिरा. ट्रैक्टर के उल्टा होकर गिरने के कारण चालक समीर और किशोर परमेश्वर उसके नीचे ही दब गए. घटना को देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन तालाब में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन पानी और मलबे में दबे होने के कारण तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस और मृतकों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. आनन-फानन में दोनों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें परिजनों को सौंप दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >