दूसरी शादी का विरोध करने पर दिया घटना को अंजाम
घटना के बाद दूसरी पत्नी के पास मिर्जाडीह पहुंचा
खून से सना चापड़ डिमना लेक में फेंक दिया
पटमदा : कमलपुर थाना के बेलडीह गांव में दूसरी शादी का विरोध करने पर पत्नी की चापड़ से हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी पति नेपाल महतो को गम्हरिया थाना के लेतमाडीह गांव से सोमवार की सुबह गिरफ्तार किया. पुलिस ने नेपाल महतो को दुर्योधन महतो, उत्तम महतो व बबलू महतो की निशानदेही पर पकड़ा. थाना प्रभारी अवधेश कुमार आरोपी नेपाल महतो से पूछताछ कर रहे हैं. नेपाल ने पत्नी शकुंतला महतो की चापड़ से काट कर हत्या की बात स्वीकार की है. उसने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद वह मिर्जाडीह में दूसरी पत्नी व बच्चों के पास चला गया. रास्ते में डिमना लेक में खून से सना चापड़ फेंक दिया.
नेपाल के साथ अौर कौन लोग थे, पुलिस पूछताछ कर रही है. पटमदा डीएसपी अजय केरकेट्टा के निर्देश पर थाना प्रभारी अवधेश कुमार की टीम ने गिरफ्तारी में सफलता पायी. पश्चिम बंगाल से लेकर विभिन्न थाना क्षेत्रों से नेपाल महतो के करीबी 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया. नेपाल की गिरफ्तारी के बाद सभी को थाना से छोड़ दिया गया.
दूसरी ओर शकुंतला महतो का सोमवार को जमशेदपुर के भुइयांडीह श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया.
सैकड़ों ग्रामीण थाना पहुंचे
नेपाल महतो की गिरफ्तारी की सूचना के बाद सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण कमलपुर थाना पहुंचे. ग्रामीणों ने शकुंतला के हत्यारे को कड़ी सजा देने की मांग की.
दूसरी पत्नी व बच्चे भी बेघर :
पहली पत्नी शकुंतला की हत्या के बाद नेपाल महतो की दूसरी पत्नी मालती महतो व तीनों बच्चे भी बेघर हो गये हैं. नेपाल महतो को पहली पत्नी से दो बेटा व एक बेटी है. वहीं दूसरी पत्नी मालती से दो बेटा व एक बेटी है.
थाना प्रभारी अवधेश कुमार आरोपी नेपाल महतो से पूछताछ करते.
