चाकुलिया : चाकुलिया थाना परिसर में शनिवार को बाल मित्र थाना का उदघाटन थाना प्रभारी सृष्टिधर महतो ने फीता काट कर किया. इसके बाद स्पर्श और चाइल्ड लाइन संस्था के संयुक्त तत्वावधान में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को चाइल्ड लाइन और बाला मित्र थाना के बारे में जानकारी दी गयी. थाना प्रभारी श्री महतो ने कहा कि पहले और अब के थाना में काफी परिवर्तन आया है. पुलिस सोशल पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से जुड़ रही है.
पुलिस आपसे दूर के नहीं आप सभी के बीच की है. थाना में बाल मित्र थाना का उदघाटन किया गया है. बच्चों की कोई समस्या हो, तो वे थाना पहुंच कर या 1098 नंबर पर फोन कर अपनी समस्याओं की जानकारी दें. पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी. उन्होंने बच्चों को जानकारी दी कि सरकार ने बाल मजदूर, बाल विवाह और बच्चों को नशा से मुक्त रखने के लिए कानून बनाया है. बच्चों को नशा की वस्तु देते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई की जायेगी. मौके पर बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी अरविंद सिंह, जिला परिषद के सदस्य जगन्नाथ महतो स्पर्श के सचिव डॉ अमरेश अनीश, दिनेश महतो, चाइल्ड लाइन के रंजन भगत, देवानंद सिंह, विद्यालय की वार्डन सुमित्रा मांडी, सुमन महतो आदि उपस्थित थे.
