आंगनबाड़ी के लिए भूमि चिह्नित
नरवा : सुंदरनगर के हितकु पंचायत अंतर्गत गोड़ाडीह गांव में रविवार को गांव की विभिन्न समस्या को लेकर ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता बुधन सरदार ने की. बैठक में गोड़ाडीह-केड़ो के बीच लेदा जुड़िया दुमुहानी पर वर्षों पूर्व बने चेकडैम को अज्ञात व्यक्ति द्वारा तोड़े दिये जाने पर नाराजगी जतायी गयी. ग्रामीणों ने कहा कि इस चेकडैम से न केवल खेतों की सिंचाई होती है, बल्कि गरमी के दिनों में मवेशी भी यहीं पानी पीने आते हैं.
चेकडैम के एक छोर पर हरी पदो भूमिज तथा दूसरे छोर पर बबलू हेंब्रम का खेत है. मौके पर बबलू हेंब्रम ने डैम के दोनों छोरों पर गार्डवाल पंचायत की अोर से अपने स्तर से बनाये जाने की शर्त पर डैम की मरम्मत कराने की बात कही. इस पर ग्रामीणों ने पंचायत फंड से गार्डवाल बनाने को लेकर प्रस्ताव पारित किया.
इसके अलावा भवन विहीन आंगनबाड़ी केंद्र की समस्या रखते हुुए सेविका उषा महतो ने कहा कि केंद्र के भवन के लिए प्रखंड से मंजूरी मिल गयी है. इस पर सर्वसम्मति से गोड़ाडीह के काला भूमिज के घर के सामने सरकारी प्लॉट को भवन निर्माण के लिए चिह्नित किया गया. इसके अलावा गोठ पूजा 30 अक्तूबर को मनाने का निर्णय लिया गया.
बैठक में निधुराम महतो, बंजू मार्डी, सिंगराय सोरेन, संतोष सिंह, अशोक महतो, दीपक कर्मकार, बबलू हेंब्रम, सागर पात्र समेत ग्रामीण उपस्थित थे.
