डुमरिया : डुमरिया की खैरबनी पंचायत के दामुकोचा गांव अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण दिवस पर एएनएम के विलंब से पहुंचने से बच्चों को टीकाकरण में देरी होती है. एएनएम के इस रवैये से ग्रामीणों में रोष है. प्रत्येक गुरुवार को टीकाकरण दिवस है. यहां प्रत्येक गुरुवार को एएनएम बिजली प्रमाणिक विलंब से पहुंचती हैं. गुरुवार को भी एएनएम दोपहर दो बजे केंद्र पहुंची. दो बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायी और इंजेक्शन दिया.
वहीं सोमवारी सबर नामक महिला को द्वितीय टीटी सूई दी. एएनएम ने कहा कि डुमरिया सीएचसी से दामुकोचा गांव की दूरी ज्यादा है. इस कारण यहां आने में देर होती है. उन्होंने कहा कि इस केंद्र में छोटे बच्चों की संख्या कम है. इधर ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि एएनएम टीका करण दिवस में केंद्र देरी से पहुंचती है. इस संबंध में पीएचसी प्रभारी डॉ डीसी मुर्मू ने कहा कि केंद्र में टीका करण करने का समय सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक है. अगर एएनएम देरी से केंद्र पहुंचती है, तो यह गलत है. इसकी जांच की जायेगी.
