नाली मरम्मत में गड़बड़ी पर भड़के नगर पंचायत अध्यक्ष
नगर पंचायत उपाध्यक्ष के घर के बाहर हो रहा है नाली मरम्मत कार्य
कार्य स्थल पर नहीं लगा है बोर्ड और लोकल सीमेंट के प्रयोग का आरोप
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर छह की मुख्य सड़क से पुराना बाजार के बिरसा चौक तक सड़क के दोनों ओर नगर पंचायत फंड से नाली मरम्मत कार्य चल रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि संवेदक कार्य में अनियमितता बरत रहे हैं.
ग्रामीणों ने गुरुवार को इसकी शिकायत नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीनाथ मुर्मू से की. ग्रामीणों ने कहा कि नाली मरम्मत कार्य प्राक्कलन के मुताबिक नहीं हो रहा है. कार्य स्थल पर बोर्ड भी नहीं लगा है.
संवेदक लोकल सीमेंट का प्रयोग कर रहा है. ग्रामीणों ने कहा कि नपं उपाध्यक्ष भरत झुनझुनवाला के घर के सामने ही गड़बड़ी हो रही है. मामले की जांच कर कारवाई की जाये. ग्रामीणों की शिकायत पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मुर्मू ने दूरभाष पर विभाग के प्रभारी जेइ परमानंद मिस्त्री विश्वकर्मा से पूछा कि सरकारी कार्यों में किस सीमेंट का प्रयोग किया जाता है.
नाली मरम्मत कार्य में उपयोग की जा रही सीमेंट पर जेइ ने कहा कि उक्त सीमेंट को कार्य में नहीं लगाना है. इस पर नपं अध्यक्ष भड़क उठे और जेइ से कहा कि मुख्य सड़क से आप कई बार आते जाते हैं. निर्माण में कौन सी सीमेंट लगायी जा रहा है. यह क्यों नहीं देखते. नपं अध्यक्ष ने जेइ को मामले की जांच कर संवेदक पर उचित कार्रवाई करने का आदेश दिया. इस संबंध में नपं उपाध्यक्ष भरत झुनझुनवाला ने दूरभाष पर कहा कि उन्होंने कार्य में प्रयुक्त सीमेंट की जांच नहीं की है. उन्होंने कहा कि अगर मरम्मत कार्य में लोकल सीमेंट का प्रयोग किया जा रहा है तो काम बंद करा दिया जायेगा. मामले की जांच होगी.
