नटियापाल के पास सुवर्णरेखा नदी के किनारे हो रहा है क्वार्टज(सिलका) पत्थर का खनन
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा की डोमजुड़ी पंचायत अंतर्गत नटियापाल के पास सुवर्णरेखा नदी के किनारे क्वार्ट्ज पत्थर खनन को लेकर शनिवार को घाटशिला के एसडीओ संतोष कुमार गर्ग और एसडीपीओ संजीव कुमार बेसरा ने छापेमारी की. यहां से एक जेसीबी और एक ट्रक जब्त किया गया. ट्रक के चालक व खलासी, जेसीबी के चालक व मुंशी को हिरासत में लिया. इन्हें थाना को सौंप दिया गया. उक्त स्थल पर जेसीबी और मजदूर पत्थर खनन कर रहे थे. एक ट्रक पर पत्थर लोड किया जा रहा था. खनन कार्य के मुंशी पदाधिकारियों को अनुमति के कागजात नहीं दिखा सके.
एसडीओ श्री गर्ग ने बताया कि सुवर्णरेखा से सटी कई पंचायत क्षेत्रों में अवैध खनन की शिकायत मिली थी. उसी के आलोक में छापेमारी की गयी. उक्त स्थल पर हो रहा क्वार्ट्ज का खनन प्रथम दृष्टया अवैध प्रतीत होता है. खनन से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया है. नियमों के तहत खनन स्थल पर कोई बोर्ड भी नहीं है.
खनन की जमीन चिह्नित नहीं की गयी है. हिरासत में लिए गये लोगों को पुलिस को सौंप दिया गया है. जब्त जेसीबी और ट्रक को थाना में रखा गया है. उन्होंने कहा कि किसी लीजधारक द्वारा अगर संबंधित खनन स्थल के खनन से संबंधित कागजात दिखाये जायेगा, तो मामला दर्ज नहीं होगा. कागजात नहीं दिखाये जाने पर खनन कर्ता और अन्य पर मामला दर्ज होगा.
