बीइइओ ने की जांच, प्रभारी एचएम के वेतन से कटेगा पैसा
महुलिया मारवाड़ी हिंदी मवि के एक कमरे में लंबे समय से पड़ी थीं कई बोरी चावल
प्रबंधन समिति की बैठक के बाद कमरा खोला गया, तो चावल में कीड़े रेंगते मिले
बीइइओ, मुखिया और प्रबंधन समिति ने की जांच, सड़े हुए चावल की बोरियां जब्त
गालूडीह : घाटशिला प्रखंड के गालूडीह स्थित महुलिया मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय के एक कमरे से बुधवार को मध्याह्न भोजन मद में आवंटित करीब पांच क्विंटल चावल सड़ा मिला. उक्त चावल स्कूल के एक कमरे (गोदाम) में कई माह से पड़े थे. चावल की बोरियों फर्श पर कई माह से पड़े-पड़े सड़ गयी और उसमें कीड़े लग गये थे. सूचना पाकर बीइइओ बैद्यनाथ प्रधान, महुलिया पंचायत के मुखिया सुभाष सिंह और प्रबंधन समिति की अध्यक्ष पूजा सुवर्णकार व सदस्य पहुंचे.
जांच के बाद चावल की सड़े बोरियों को जब्त कर लिया. बीइइओ ने कहा कि सड़े हुए चावल वजन किए जायेंगे. उसके पैसे स्कूल के प्रभारी एचएम कासू मुर्मू के वेतन से काटा जायेगा. ऐसा शिक्षकों की लापरवाही से हुआ है.
289 बच्चों में आज 206 बच्चे आये थे
प्रभारी एचएम कासू मुर्मू ने कहा कि स्कूल में 289 बच्चे प्रथम से आठवीं तक नामांकित है. बुधवार को 206 बच्चे उपस्थित थे. उन्होंने बताया कि सड़े हुए चावल पूर्व प्रभारी एचएम शंकर गिरी के कार्यकाल के थे. इसकी जानकारी मुझे नहीं थी कि कमरे में चावल है. स्कूल के एक दूसरे कमरे में फिलहाल 29 बोरी चावल (50 किलो के पैकेट) मध्याह्न भोजन के लिए रखा है, उक्त – बीइइओ ने की जांच,प्रभारी एचएम के वेतन से कटेगा पैसा चावल से मध्याह्न भोजन बन रहा है.
प्रबंधन समिति की बैठक के बाद खोला गया बंद कमरा
बुधवार को स्कूल में प्रबंधन समिति की बैठक पूजा सुवर्णकार की अध्यक्षता में हुई. इसमें मुखिया सुभाष सिंह समेत कई सदस्य उपस्थित थे. बैठक के बाद स्कूल के बंद कमरे खोला गया, तो मामले का खुलासा हुआ. बंद कमरे से सड़े चावल बरामद हुए. चावल की बोरियां फट चुकी थी. फर्स पर चावल बिखरे थे. दुर्गंध आ रही थी. चावल में कीड़े रेंग रहे थे. समिति ने इसकी सूचना बीइइओ दी. बीइइओ ने संयोजिका अरुणा देवी और रसोइयों से सड़े हुए चावल को उठवा कर बोरियों में भरवा कर जब्त किया.
