केयू से शिकायत के बाद 13 अगस्त तक मिली अनुमति
घाटशिला : घाटशिला कॉलेज के छात्र नेताओं ने बुधवार को कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ बिनोद कुमार पर बिना सूचना के बीए, बीकॉम और बीएससी पार्ट वन का ऑफलाइन नामांकन बंद करने का विरोध किया. इसकी शिकायत कोल्हान विश्रविद्यालय से की गयी. केयू ने छात्रों की शिकायत पर कॉलेज को एक मेल भेजा. आदिवासी छात्र संघ के जिलाध्यक्ष रघुनाथ मुर्मू ने दूरभाष पर बताया कि छात्रों की शिकायत पर कॉलेज को केयू से एक मेल भेजा गया.
इसमें 13 अगस्त तक पार्ट वन का नामांकन ऑफ लाइन के तहत करने का जिक्र है. उन्होंने बताया कि ऑफ लाइन के तहत कुछ विद्यार्थियों का फॉर्म केयू भेजा गया था. इसे केयू ने वापस कर दिया है. केयू का कहना है कि जिस कॉलेज से ऑफ लाइन फॉर्म भरा गया है. वही कॉलेज आवेदन का वेरीफाइ करेगा. इसके बाद विद्यार्थी का नामांकन लेगा. इस मौके पर विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मोहन लाल टुडू, दीपक टोप्पो, विकास सोरेन, गौतम हांसदा, सोनाराम टुडू, चंद्रा भकत आदि उपस्थित थे.
13 अगस्त भरा जायेगा फॉर्म: डॉ बिनोद
कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ बिनोद कुमार ने दूरभाष पर बताया कि पार्ट वन में प्रथम और द्वितीय सूची के तहत विद्यार्थियों का नामांकन लिया जा चुका है. तृतीय सूची के तहत 13 अगस्त तक ऑफ लाइन फॉर्म भरने का आदेश केयू से मिला है. उन्होंने कहा कि रघुनाथ मुर्मू कुछ आवेदन लेकर आया था, लेकिन कॉलेज में आज ऑफलाइन आवेदन लेने की कोई सूचना नहीं थी. इसलिए आवेदन नहीं लिया. उससे कहा कि केयू से नोटिस मिल जाने के बाद ऑफ लाइन नामांकन होगा.
