ब्राह्मणकुंडी पंचायत में सैकड़ों बीघा धान के खेत पानी में डूबे

नहर का गेट बंद करने की नहीं हो रही पहल विभागीय पदाधिकारी के खिलाफ किसानों में रोष बहरागोड़ा : सुरर्णरेखा परियोजना की बायीं मुख्य नहर से बहरागोड़ा के बड़शोल थाना क्षेत्र स्थित बालीकुड़िया के पास सात दिनों से पानी बेकार बह रहा है. इससे ब्राह्मणकुंडी पंचायत में बाढ़ की स्थिति है. सैकड़ों बीघा धान रोपित […]

नहर का गेट बंद करने की नहीं हो रही पहल

विभागीय पदाधिकारी के खिलाफ किसानों में रोष
बहरागोड़ा : सुरर्णरेखा परियोजना की बायीं मुख्य नहर से बहरागोड़ा के बड़शोल थाना क्षेत्र स्थित बालीकुड़िया के पास सात दिनों से पानी बेकार बह रहा है. इससे ब्राह्मणकुंडी पंचायत में बाढ़ की स्थिति है. सैकड़ों बीघा धान रोपित खेत पानी से डूब गये हैं. पानी से धान के पौधे नष्ट हो रहे हैं. विभागीय पदाधिकारी के खिलाफ किसानों में भारी आक्रोश है.
जानकारी के मुताबिक बालीकु़ड़िया के पास 10 नंबर डिवीजन स्थित बायीं मुख्य नहर के एचआर/ सीआर से पानी बेकार बह रहा है.
पानी उच्च पथ संख्या छह पर स्थित एक पुलिया से होकर ब्राह्मणकुंडी पंचायत के खेतों में पानी तेजी से फैल रहा है. इस पानी से नयाभसान, बालीकुड़िया, केंदुडीहा, आस्ती, जांवरी, ओलदा, बेलबोरिया, वैष्णवशोल आदि गांव के किसान प्रभावित हैं. यहां के किसानों ने अल्प वृष्टि में भी सेलो बोरिंग से धान की रोपनी की थी. नहर के पानी से धान रोपित खेत डूब गये हैं. धान के पौधे सड़ रहे हैं. पानी के तेज बहाव से खेतों में बालू और मिट्टी कर रहा है. एनएच छह के दोनों और भारी मात्रा में जल का जमाव है. समाचार लिखे जाने तक नहर से पानी का बहना जारी था.
किसान सह बीस सूत्री के अध्यक्ष विभाष दास, भाजपा नेता चुनू माहली, झामुमो नेता आदित्य प्रधान ने पदाधिकारियों से नहर से पानी बहना बंद करने की मांग की है.
विदित हो कि इस मुख्य नहर से पानी पश्चिम बंगाल तक जायेगा. एनएच छह के पास नहर का पानी रोक दिया गया है. नहर में मिट्टी डाल दी गयी है. एनएच के नीचे से पानी जाने के लिए (रोड क्रॉसिंग) का निर्माण कार्य हो रहा है. ऐसे में अगर एचआर/सीआर से पानी बाहर नहीं निकलेगा तो पानी ओवर फ्लो करेगा. किसानों का आरोप है कि विभाग द्वारा ही पानी बेकार बहाया जा रहा है. इधर, संबंधित सहायक अभियंता लाली राम ने मोबाइल रिसिव नहीं किया. इसलिए उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका. जबकि कार्यपालक अभियंता एके दास ने दूरभाष पर कहा कि अभी मैं मंत्री के साथ बैठक में हूं.
नहर से पानी बहने से ब्राह्मणकुंडी पंचायत के धान रोपित सैकड़ों बीघा खेत डूबने की सूचना मिली है. खेत डूबने से धान के पौधे नष्ट होंगे. किसानों में रोष है. मैंने पानी बंद करने के लिए प्रशासक से बात की है.
– कुणाल षाड़ंगी, विधायक.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >