चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की कालापाथर पंचायत मंडप में 31 जुलाई को बैठक कर महिलाओं ने पंचायत को नशा मुक्त बनाने के लिए बैठक की. इसमें निर्णय लिया गया कि आगामी रविवार को पंचायत भवन से जुलूस निकाल कर गांव का परिभ्रमण कर लोगों को शराब ना पीने के लिए जागरूक किया जायेगा. बैठक के बाद महिलाएं सप्ताहिक हाट पहुंची. महिलाओं ने हाट संचालक के अध्यक्ष को हाट में दारू-हाड़िया ना बेचने का फरमान सुनाया.
महिलाओं ने कहा कि उनकी चेतावनी के बाद भी अगर हाट में दारू-हाड़िया की बिक्री बंद नहीं हुई, तो प्रशासन की सहायता से हाट संचालक पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. बैठक में महिलाओं ने कहा कि गांव में शराब बंदी जुलूस प्रशासन के साथ निकाला जायेगा. जुलूस के दौरान किसी घर में दारू-हाड़िया मिली, तो उन पर कार्रवाई की जायेगी. कालापाथर की सभी दुकानों में महुआ और गुड़ नहीं बेचने की चेतावनी दी जायेगी. बैठक में मुखिया सुगी बेसरा, गणेश बेसरा, सविता रानी पाल, रीना पाल, काजल दास, गंगा दास, मीनू माइती, मोनिका पाल, वंदना दास, तारा रानी माइती, लक्ष्मी रानी दास, सरिता कर्मकार, माया रानी पाल, दिपाली माइती आदि उपस्थित थीं.
