केशरपुर पहुंची प्रशासनिक टीम, मदद की
गालूडीह : मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के उप समाहर्ता संजय कुमार के निर्देश पर गुरुवार को घाटशिला ब्लॉक के प्रशासनिक पदाधिकारियों की टीम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बाघुड़िया पंचायत की केशरपुर सबर बस्ती पहुंची. यहां माता-पिता की मौत के बाद अनाथ हुए चार सबर बच्चों की मदद की. सबर बच्चों को वस्त्र और चावल दिये. टीम में एमओ संतोष कुमार, मुखिया हुडिंग सोरेन, पंसस साकरो टुडू, पंचायत सचिव रामचंद्र मुर्मू, जन सेवक गंगाधर हांसदा, कर्मचारी लखी सिंह, उप मुखिया देवीलाल, वार्ड मेंबर रायसेन मार्डी, साकला मुर्मू,
लक्ष्मण सबर आदि शामिल थे. एमओ ने अनाथ सबर बच्चों को आर्थिक मदद भी की. श्राद्ध कर्म के लिए 35 किलो चावल और सभी बच्चों को वस्त्र दिए गये. एमओ ने बताया कि अनाथ सबर बच्चों में एक बच्ची कस्तूरबा स्कूल में कक्षा छह में पढ़ रही है. शेष तीन सबर बच्चों को किसी बेहतर छात्रावास या अनाथालय में भर्ती कराने पर प्रशासनिक स्तर पर विचार हो रहा है. मुखिया ने बताया कि कई जगह से गोद लेने वाले भी आ रहे हैं. सोच-विचार कर सबर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए कदम उठाये जायेंगे.
