शराब पीने वाले पतियों का बहिष्कार करें पत्नियां
शराब चुलाई बंद कर महिलाओं को महिला समूह से जुड़ने का आग्रह
शराब बेचते या पीते पकड़े गये तो महिलाएं वसूलेगी जुर्माना
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत के कांटाबनी गांव की महिलाओं ने गांव को शराब मुक्त करने की ठान ली है. रविवार को गांव के अखाड़ा में ग्राम प्रधान उपेंद्र नाथ महतो की अध्यक्षता में गांव को शराब मुक्त बनाने के लिए महिलाओं ने बैठक की. इसमें निर्णय लिया गया कि गांव में शराब चुलाई करते या बेचते पकड़े जाने पर पांच हजार रुपये और शराब पीते पकड़े जाने पर दो हजार रुपये जुर्माना वसूला जायेगा. गांव में शराब पीकर गलत हरकत करते पकड़े जाने पर पांच हजार रुपये जुर्माना लगेगा.
महिलाओं ने शराब बनाने और शराब पीने वालों को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया. बैठक में मुखिया मंजूला मुर्मू, वार्ड सदस्य शिवानी सोरेन, पंसस कुंवर सोरेन, संजय महतो आदि उपस्थित थे.
महिलाओं ने निकाली चेतना रैली
बैठक के बाद नारी जागरण समिति के बैनर तले महिलाओं ने हाथों में झाड़ू और लाठी लेकर शराब बंदी अभियान रैली निकाली. तहसील कचहरी से रैली गांव का परिभ्रमण कर वापस कचहरी पहुंची. रैली में शामिल महिलाएं अपने हाथों में हस्त लिखित तख्तियां लेकर शराब हटाओ गांव बचाओ, शराब पीना बंद करो, शराब बेचना बंद करो आदि नारा लगा रही थी. रैली में समिति की अध्यक्ष मिथिला महतो, ममता महतो, सविता महतो, सेफाली महतो, छांदा महतो, मुनजुकी महतो, अनिता महतो, अंजली महतो, प्रभाती महतो, अमला महतो समेत अनेक महिलाएं शामिल थीं.
