भट्ठी की संचालिका के खिलाफ थाना में महिलाएं आज दर्ज करायेगी प्राथमिकी
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा की केशरदा पंचायत को शराब मुक्त करने लिए गठित महिला समिति ने गुरुवार को पठानडीहा में अभियान चला कर शराब भट्ठी तोड़ दी. वहां से 15 लीटर महुआ शराब, जावा से भरे दो हंडे और एक बोरा महुआ जब्त किया गया.
जब्त सामान महिलाओं ने मुखिया सीता रानी टुडू को सौंप दिया. 22 जुलाई को भट्ठी की संचालिका के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी.महिलाओं ने बताया कि 19 जुलाई की बैठक में पठानडीहा गांव की भट्ठी संचालिका को बुला कर चेतावनी दी गयी थी.
उसने लिखित देकर कहा था कि अब शराब भट्ठी नहीं चलायेगी. गुरुवार को महिलाओं को सूचना मिली कि उक्त महिला अपने घर के पास स्थित भट्ठी में शराब बना रही है. आक्रोशित महिलाओं ने धावा बोल कर शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया.
बैठक कर अभियान में तेजी लाने का निर्णय :अभियान के बाद महिलाओं ने समिति की अध्यक्ष फुलमनी पातर की अध्यक्षता में बैठक की. कहा गया कि शराब मुक्त अभियान और तेज किया जायेगा. 22 जुलाई को थाना में भट्ठी की संचालिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी. जब्त शराब व शराब निर्माण के सामान को नष्ट कर दिया जायेगा. बैठक में ममता नायक, कल्पना नायक, छाया सिंह, तीर्थ सिंह, कृष्णा सिंह, सुभाषी सिंह, अष्टमी दास, प्रमीला भंडारी, सुकतारा भंडारी, रेखा नायक समेत अनेक महिलाएं उपस्थित थीं.
जुगीशोल पंचायत को शराब मुक्त बनाने का निर्णय
धालभूमगढ़. प्रखंड की जुगीशोल पंचायत मंडप में पंचायत कार्यकारिणी समिति की एक बैठक गुरुवार को मुखिया सुकरा मुंडा की अध्यक्षता में हुई. इसमें पंचायत को नशा मुक्त पंचायत बनाने पर विचार विमर्श किया गया. नशीली पदार्थों से होने वाली आर्थिक, शारीरिक, सामाजिक क्षति की जानकारी पंपलेट माध्यम से देने का निर्णय लिया गया. बैठक में कहा गया कि शराब बनाने वाले और देशी-विदेशी शराब बेचने वालों को चेताया जायेगा.
पंचायत अंतर्गत आने वाले गांवों में शराब बेचने पर निगरानी के लिए टीम गठित की जायेगी. गांव में बच्चों की टीम का प्रयोग के तौर पर गठन किया जायेगा. वे शराब सेवन का विरोध करेंगे. किसी के नशा में धूत पाये जाने पर शराबी का शोर मचायेंगे. बैठक में उप मुखिया सुधीर मुर्मू, पंसस चैतन्य मुर्मू, वार्ड सदस्य जोबा रानी महतो, सरस्वती महतो, बेबी रानी महतो, सुनील मुंडा, प्रमीला हांसदा, छोटा मो अली, रियाजुल अली, लुगु मुर्मू आदि उपस्थित थे.
पंपलेट के माध्यम से शराब से होनी वाली हानियों की जानकारी दी जायेगी
शराब पर प्रतिबंध के लिए बच्चों की एक टीम गठित की जायेगी
किसी को नशे की हालत में देख बच्चे शराबी को शोर मचायेंगे
परिवार की तरह करें पौधों की रक्षा : कुणाल
