गुड़ाबांदा : गुड़ाबांदा के महेशपुर गांव के जिलिंगडुंगरी टोला और हाड़ियान के ग्रामीण बुधवार को थाना पहुंचे. ग्रामीणों ने जंगल में पत्ता चुन रहे सबरों को सीआरपीएफ जवानों की ओर से पिटाई का विरोध किया. थाना प्रभारी कुलदीप कुमार को आवेदन सौंप कर कार्रवाई की मांग की.
महेशपुर गांव के जिलीगडुंगरी टोला के भसड़ों सबर, कंको सबर और हांटु सबर ने बताया कि वे कार्लाबेड़ा जंगल में पत्ता चुन रहे थे. वहीं हड़ियान का सुराई सबर भालुकडुंगर राधा पावड़ा पहाड़ पर बकरी चरा रहा था. सीआरपीएफ के जवान सर्च अभियान चला रहे थे. इस क्रम में जवानों ने उनकी पिटाई की. जवानों ने कुल्हाड़ी ले ली. सबरों ने बताया कि जवानों ने हम चारों को जंगल से खदेड़ दिया और बिना कारण पीटा. सबरों ने बताया कि वे सभी जंगल से पत्ता, लकड़ी चुन कर लाते हैं और बेच कर अपना परिवार चलाते हैं. थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने सबरों को आश्वस्त किया कि वे इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेंगे. इसके बाद सबर और ग्रामीण शांत हुए.
इस अवसर पर जिलींगडुंगरी के वार्ड सदस्य रामाय सोरेन, मदन मुंडा, सुरेन मुंडा, गुंजा सबर, गोमहा सबर, चुनू मुंडा, शत्रुधन मुंडा, आनू सबर, हांदु सबर, रवि मुंडा, मासांग टुडू, डेबो हेंब्रम, बहादुर हेंब्रम, सावना मांडी, रोबिन मुंडा, पितु मुंडा समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे.
